शराब दुकान के बाहर हंगामा कर रहे बरातियों को हटाने पहुंची थी पुलिस, लाेगों ने फेंके पत्थर, दो पुलिसकर्मी घायल

झरिया के कतरास मोड़ पर शराबियों ने पुलिस टीम पर किया पथराव, पेट्रोलिंग वाहन क्षतिग्रस्त। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया, जांच जारी।

झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के बाहर रविवार की रात करीब 10:30 बजे शराबियों व कुछ असामाजिक तत्वों ने जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने पर झरिया थाना की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची. पुलिस ने हंगामा कर लगे लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से रोका, तो उनलोगों पर पथराव शुरू कर दिया. इस दौरान बमबाजी की भी सूचना है. हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है. पथराव में पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी का अगला शीशा टूट गया, जबकि दो पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हो गये. पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

दो बार सुनी गयी तेज धमाके की आवाज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शराब दुकान के बाहर कुछ लोग शराब पीते हुए हंगामा कर रहे थे. सूचना मिलने पर झरिया थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना करने पर लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. इससे पुलिस वाहन का अगला शीशा चकनाचूर हो गया. घटना के दौरान दो बार तेज धमाके की आवाज भी सुनायी दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. इसके बाद पेट्रोलिंग टीम ने वरीय अधिकारियों को सूचना दी. सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और बल प्रयोग कर पथराव कर रहे लोगों को वहां से खदेड़ दिया. पुलिस ने राजू नामक युवक समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है. सभी से झरिया थाना में पूछताछ की जा रही है.

गुलगुलिया पट्टी में आयी थी बरात

बताया जाता है कि कतरास मोड़ गुलगुलिया पट्टी में रहनेवाले राजेश भुईयां के घर बरात आयी थी. आरोप है कि बरातियों के साथ कुछ शरारती तत्व शराब दुकान के बाहर बैठकर शराब पी रहे थे और हंगामा कर रहे थे. इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया. झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार ने कहा कि बमबाजी की घटना नहीं हुई है. शराबियों ने पुलिस वाहन पर पथराव किया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया. कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Umesh singh

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >