निरसा: निरसा थाना क्षेत्र की भागाबांध पंचायत से 21 जुलाई की दोपहर लापता हुई एक नाबालिग युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है। हालांकि, घटना के 13 दिन बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में नाराजगी है।
परिजनों ने 22 जुलाई को एमपीएल ओपी में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि मिथुन दास ने अपने दो साथियों उदय साहनी और रोबिन साहनी के साथ मिलकर नाबालिग का अपहरण किया। शिकायत के अनुसार, तीनों बाइक से पहुंचे थे और युवती को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। युवती के विरोध और शोर मचाने के बावजूद आरोपी उसे लेकर चले गए।
बाद में 22 जुलाई की शाम भागाबांध पंचायत के मुखिया नाबालिग को बाइक से एमपीएल ओपी लेकर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने उसे बरामद कर लिया।
गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों में आक्रोश
परिजनों का आरोप है कि मामला अपहरण और ज्यादती से जुड़ा है, जबकि प्राथमिकी में इसे शादी की नीयत से ले जाने से जोड़ा गया है। उनका कहना है कि नामजद तीनों आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं और खुलेआम घूम रहे हैं। इससे परिवार में डर का माहौल है और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
एमपीएल ओपी प्रभारी सुमन कुमारी ने बताया कि पुलिस ने नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। टेक्निकल सेल की मदद से उनके लोकेशन का पता लगाया जा रहा है और गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है।
