कतरास से कामदेव सिंह की रिपोर्ट
Dhanbad News: धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई गोलीबारी और मारपीट की घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. कतरास के आकाशकिनारी कैलूडीह में हुई हिंसक वारदात के मामले में 19 अपराधियों के खिलाफ सीसीए (क्राइम कंट्रोल एक्ट) लगाने की अनुशंसा धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की ओर से की गई है. इस कार्रवाई की खबर सामने आने के बाद अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है.
19 अपराधियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि जिन अपराधियों के खिलाफ सीसीए लगाने की अनुशंसा की गई है, वे लंबे समय से फरार चल रहे थे. पुलिस की नजर इन सभी पर बनी हुई है. सीसीए के तहत कार्रवाई होने के बाद अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा. उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है.
अवैध खनन के वर्चस्व को लेकर हुई थी हिंसा
गौरतलब है कि 28 मई की देर रात आकाशकिनारी कैलूडीह इलाके में अवैध खनन के वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर हिंसक झड़प हुई थी. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी और बमबाजी की गई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी. इस घटना में दो लोग घायल हो गए थे. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की थी.
इसे भी पढ़ें: सिमडेगा में जलापूर्ति योजना के 123 पाइप चोरी करने आए 2 चोर गिरफ्तार, 2 ट्रक जब्त
कई आरोपी पहले से हैं जेल में
पुलिस जांच के दौरान इस मामले में कई आरोपियों की पहचान की गई थी. इनमें से कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि कई आरोपी अब भी फरार हैं. पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि सीसीए के तहत कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर दबाव बढ़ेगा और आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी. अवैध खनन और उससे जुड़े वर्चस्व की लड़ाई कई बार कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन जाती है, और पुलिस की फाइलें फिर उन नामों से भरने लगती हैं जो कानून से ज्यादा बंदूक की भाषा पर भरोसा करते हैं.
इसे भी पढ़ें: रांची का सदर अस्पताल बनेगा टेली एसएनसीयू और ई-संजीवनी हब
