हरिणा कोलोनी में आयोजित होनेवाले करमा महोत्सव को लेकर बाघमारा करमा अखाड़ा समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं. समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को धनबाद सांसद ढुलू महतो और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो से चिटाही स्थित आवास पर मुलाकात कर उन्हें अंगवस्त्र व महोत्सव का निमंत्रण पत्र सौंपा. दोनों जनप्रतिनिधियों ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया.
व्यापक आयोजन की तैयारी
समिति ने बताया कि आगामी 19 सितंबर को समिति प्रखंड स्तरीय करमा महोत्सव आयोजित करेगी. करमा पर्व झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति पूजा और भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है. इसी गरिमा के आलोक में महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी चल रही है.
मौके पर समिति अध्यक्ष मदनमोहन महतो, सचिव जीवन कुमार रवानी, मुखिया आनंद उर्फ जीवनलाल महतो, दीपक प्रसाद, डा मुकेश कुमार राय, दामोदर साव, राजेंद्र महतो, नीलम वर्णवाल, बेबी वर्णवाल, सरस्वती देवी, आशा शर्मा, राजु महतो, प्रेम कुमार, रमेश महतो आदि मौजूद थे.
