धनबाद : दिशोम गुरु स्व शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर मंगलवार को धनबाद के निरंकारी चौक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान गुरुजी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाना था, लेकिन प्रतिमा का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा. प्रतिमा के स्थान पर लगाए गए गुरुजी के कटआउट पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में जेएमएम कार्यकर्ता शामिल हुए और गुरुजी के संघर्ष, विचारों तथा झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया.
गुरुजी के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टुंडी विधायक मथुरा महतो ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पूरे जिले में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि गुरुजी के विचार, संघर्ष और आदर्श आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं. उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
मथुरा महतो ने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में गुरुजी की प्रतिमाएं स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी उनके संघर्ष और योगदान से प्रेरणा ले सके. उन्होंने लोगों से गुरुजी के बताए रास्ते पर चलने और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेने की अपील की.
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
श्रद्धांजलि सभा में जेएमएम के जिला अध्यक्ष लखी सोरेन, पार्टी की केंद्रीय प्रवक्ता नीलम मिश्रा, नेता हरीश सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें...
