संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में सफल बाघमारा के जमुआटांड़ बस्ती निवासी शुभम कुमार महतो को मंगलवार को संस्कार ज्ञानपीठ प्लस टू विद्यालय, हरिणा में सम्मानित किया गया. विद्यालय परिवार की ओर से निदेशक डॉ मुकेश कुमार राय एवं बीसीसीएल एएमपी कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी टीएस चौहान ने शुभम कुमार महतो और उनके पिता कोल कर्मी हीरालाल साव को स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया.
विद्यार्थियों से किया अनुभव साझा
सम्मान समारोह के बाद शुभम ने विद्यालय की वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों से संवाद किया. उन्होंने अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की आधारशिला है. उन्होंने विद्यार्थियों से बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया.
मौके पर बरोरा क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक अविराज शेखर, बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार, अवर निरीक्षक सनातन यादव, हीरालाल महतो, प्रबंधक नीरजा कुमार राय, प्राचार्या रश्मि कुमारी, मंदीप शास्त्री समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे.
