Dhanbad News: फूड सेफ्टी विभाग ने कई दुकानों में नष्ट कराये रंगयुक्त लड्डू

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों में की औचक जांच

व्यवसायियों से की स्वच्छता का पालन करने व प्रमाणित सामग्रियों का ही इस्तेमाल करने की अपील

धनबाद.

दीपावली के त्योहार को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न मिठाई दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक जांच अभियान चलाया. फूड सेफ्टी ऑफिसर राजा कुमार के नेतृत्व में चलाये गये इस अभियान के दौरान कई दुकानों से लिये गये नमूनों की मौके पर ही जांच की गयी. इस दौरान कुछ दुकानों पर मिठाइयों में खाद्य चंपई रंग का इस्तेमाल किये जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद संबंधित खाद्य सामग्रियों को नष्ट करा दिया गया. फूड सेफ्टी ऑफिसर राजा कुमार ने सभी खाद्य व्यवसायियों से अपील करते हुए कहा कि वे नियमानुसार, स्वच्छता का पालन करते हुए केवल प्रमाणित सामग्रियों का ही उपयोग करें. किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जायेगी.

बसंत स्वीट्स में फेंकवाया गये 10 किलो बेसन के लड्डू

बेकारबांध स्थित बसंत स्विट्स में जांच के दौरान 10 किलो बेसन के लड्डू में चंपई रंग मिला हुआ पाया गया. स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले इस रंग के इस्तेमाल के कारण सभी लड्डुओं को मौके पर ही फेंकवा दिया गया. वहीं राज नमकीन में पांच किलो बूंदी के लड्डू और 15 किलो बेसन के लड्डू में भी यही रंग पाया गया. जिसे फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने नष्ट करा दिया. दोनों दुकानदारों को भविष्य में ऐसा नहीं करने की कड़ी चेतावनी दी गयी.

30 खाद्य नमूनों की मौके पर ही हुई जांच

अभियान के दौरान टीम ने विभिन्न मिष्ठान प्रतिष्ठानों में खोया, पनीर, रसगुल्ला, काजू बर्फी, चटनी, लड्डू समेत कुल 30 खाद्य पदार्थों के नमूनों की स्थल पर ही अत्याधुनिक किट से जांच की. इस दौरान बरटांड़ स्थित दादी स्वीट्स, बांबे स्वीट्स और कावेरी स्वीट्स, मेमको मोड़ क्षेत्र में जनता जलपान, राधिका स्वीट्स, श्यामा स्वीट्स, अपना स्वीट्स और श्रीराम स्वीट्स, कोर्ट रोड स्थित मोती स्वीट्स में भी जांच के दौरान मिठाइयों की गुणवत्ता संतोषजनक मिली.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >