Dhanbad SIR: धनबाद में मतदाताओं की प्रारूप सूची जारी, शाम चार बजे तक बूथों पर देख सकेंगे अपना नाम

धनबाद जिले में SIR-2026 कार्यक्रम के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित हो गई है. मतदाता शाम चार बजे से अपने मतदान केंद्रों पर और ऑनलाइन सूची देख सकेंगे. नाम जोड़ने, हटाने या सुधारने के लिए 5 अगस्त से 4 सितंबर तक आवेदन किया जा सकता है.


Dhanbad SIR: धनबाद जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) कार्यक्रम के तहत बुधवार को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) और एएसडीडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) सूची प्रकाशित हुई. शाम चार बजे से मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्रों पर ऑफलाइन तथा निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन सूची देख सकेंगे. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण के तहत तैयार होने वाली मतदाता सूची भविष्य के लिए स्थायी दस्तावेज के रूप में संरक्षित की जाएगी. उन्होंने पात्र नागरिकों से अपने नाम और विवरण का सत्यापन करने की अपील की है. बता दें कि जिले में 4,63,794 मतदाता एएसडीडी सूची में है.

नाम नहीं होने पर तुरंत करें आवेदन

यदि किसी पात्र भारतीय नागरिक का नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वह 5 अगस्त से फॉर्म-6 भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकता है. वहीं नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेगा. निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को ई-सीनेट एप डाउनलोड कर ऑनलाइन सेवाओं का लाभ लेने की भी सलाह दी है. बुधवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक "न्यू वोटर्स" सोशल मीडिया अभियान भी चलाया जाएगा.

धनबाद में बीएलओ रहेंगे बूथों पर तैनात

जिले के सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची और एएसडीडी सूची उपलब्ध रहेगी. सूची के प्रकाशन के दौरान संबंधित बीएलओ अपने-अपने बूथ पर मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को आवश्यक जानकारी देंगे. जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर नाम, पता, मतदान केंद्र और अन्य विवरण का सत्यापन अवश्य करें, ताकि अंतिम सूची प्रकाशित होने से पहले त्रुटियों का सुधार हो सके.

बीएलओ को दिया गया विशेष प्रशिक्षण

प्रारूप सूची के प्रकाशन से पहले मंगलवार को धनबाद विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया. निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने सभी बीएलओ को फॉर्म-6, 7 और 8 के आवेदनों का समयबद्ध, पारदर्शी और शत-प्रतिशत त्रुटिरहित निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने प्रत्येक आवेदन का अनिवार्य स्थल सत्यापन करने तथा बीएलओ सुपरवाइजरों को नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा. बाघमारा और झरिया विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को भी इसी तरह का प्रशिक्षण दिया गया.

ये हैं महत्वपूर्ण तिथियां

प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को होगा. 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी. 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक प्राप्त आवेदनों का सत्यापन और निस्तारण किया जाएगा. इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी. निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र मतदाताओं से समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग देने की अपील की है.

ऑनलाइन ऐसे देखें प्रारूप मतदाता सूची

  • निर्वाचन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
  • "प्रारूप मतदाता सूची" या "ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल" के लिंक पर क्लिक करें.
  • अपना जिला धनबाद और विधानसभा क्षेत्र चुनें.
  • अपना नाम, मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) संख्या या अन्य मांगी गई जानकारी दर्ज करें.
  • स्क्रीन पर अपना नाम, मतदान केंद्र, भाग संख्या और अन्य विवरण देख सकेंगे.
  • यदि नाम, पता या अन्य विवरण में त्रुटि मिले तो फॉर्म-6, फॉर्म-7 या फॉर्म-8 के माध्यम से ऑनलाइन दावा या आपत्ति दर्ज कर सकते हैं.
  • मतदाता सूची से जुड़ी अन्य सेवाओं के लिए ई-सीनेट एप डाउनलोड कर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है.

ये भी पढ़ें: बोकारो में SIR-2026 का पहला चरण पूरा, 5 अगस्त को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची

महत्वपूर्ण तथ्य

  • एसआईआर-2026 के तहत प्रकाशित हुई प्रारूप मतदाता सूची
  • तीन अक्टूबर तक चलेगा दावा-आपत्ति प्रक्रिया का निष्पादन, 7 अक्टूबर को आएगी अंतिम सूची
  • जिले में चार लाख से अधिक मतदाता है एएसडीडी सूची में

ये भी पढ़ें: एसआईआर-2026 अंतिम चरण में, 29 जुलाई तक काम पूरा करने का निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shobhit ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >