धनबाद में 1 करोड़ की अवैध लॉटरी का भंडाफोड़, BCCL के बंद क्वार्टर में चल रही थी नोट छापने की 'मिनी फैक्ट्री'

झारखंड के धनबाद में पुलिस ने अवैध लॉटरी के काले कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है. एक मिनी प्रिंटिंग प्रेस का भंडाफोड़ कर 1 करोड़ रुपये की नकली लॉटरी टिकटें जब्त की गई हैं. यह रैकेट 3 राज्यों में फैला था.

धनबाद से प्रतीक पोपट की रिपोर्ट

धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले स्थित निरसा अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस ने अवैध प्रतिबंधित लॉटरी के काले कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए एक मिनी प्रिंटिंग प्रेस का भंडाफोड़ किया है, जहां बड़े पैमाने पर नकली व अवैध लॉटरी टिकटों की छपाई और पैकिंग की जा रही थी. यह पूरा अवैध खेल बीसीसीएल (BCCL) के एक जर्जर और सुनसान पड़े सरकारी आवास में छिपकर चलाया जा रहा था.

एसडीपीओ लिलेश्वर महतो की अगुवाई में हुई कार्रवाई

धनबाद में काफी समय से प्रतिबंधित लॉटरी के अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं. इस पर संज्ञान लेते हुए निरसा एसडीपीओ (SDPO) लिलेश्वर महतो के नेतृत्व में चिरकुंडा पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से बीसीसीएल के जर्जर क्वार्टर पर अचानक दबिश दी. छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध लॉटरी, मिनी प्रिंटिंग प्रेस, कटिंग-प्रिंटिंग मशीनें और भारी मात्रा में अन्य उपकरण मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है.

ये भी पढ़ें: JPSC नियुक्ति घोटाला: OMR गड़बड़ी के बाद रद्द हो सकती है परीक्षा, सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए एल खियांग्ते

3 राज्यों में फैला था नेटवर्क

पुलिस द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ और जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस मिनी फैक्ट्री से तैयार की गई अवैध लॉटरी केवल धनबाद तक सीमित नहीं थी. यहां से छपने वाले टिकटों को पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जाता था. पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे मिले सुरागों के आधार पर मुख्य सरगना और पूरे सिंडिकेट का पता लगाया जा रहा है.

एक हिरासत में, धंधेबाजों में मचा हड़कंप

इस बड़ी कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के अवैध लॉटरी माफियाओं और सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है. फिलहाल पुलिस ने पूरी सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया है और गिरफ्तार संदिग्ध से पूछताछ कर रही है. निरसा एसडीपीओ लिलेश्वर महतो के अनुसार, इस रैकेट से जुड़े अन्य सहयोगियों और सप्लाई चेन के नेटवर्क को जल्द ही ध्वस्त कर बाकी आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा.

ये भी पढ़ें: 14 महीने बाद जेल से बाहर आएंगे निलंबित IAS विनय चौबे, हजारीबाग वन भूमि घोटाले में सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >