Dhanbad: सिंह मेंशन में बमबारी, पूर्व विधायक संजीव सिंह ने उठाए गंभीर सवाल; निष्पक्ष जांच की मांग

Dhanbad: धनबाद के सिंह मेंशन में देर रात दो बम धमाकों से इलाके में दहशत फैल गई. घटना के बाद सोशल मीडिया पर अमन सिंह गिरोह के नाम से वायरल पर्चे को लेकर पूर्व विधायक संजीव सिंह ने सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटे हैं.

By AmleshNandan Sinha | February 2, 2026 4:51 PM

प्रतीक पोपट
Dhanbad: धनबाद स्थित सिंह मेंशन में पिछली देर रात बमबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है. सिंह मेंशन झरिया की वर्तमान विधायक रागिनी सिंह और पूर्व विधायक संजीव सिंह का आवास है. सिंह मेंशन पर रात में दो बम फोड़े गए, जिनमें एक बम घर के बाहर और दूसरा घर के भीतर फेंके जाने की बात सामने आई है. घटना के समय पूर्व विधायक संजीव सिंह, विधायक रागिनी सिंह और परिवार के अन्य सदस्य ठंड के कारण बाहर से उठकर अंदर जाकर बैठे ही थे, तभी अचानक लगातार दो तेज धमाके हुए. संजीव सिंह के अनुसार धमाके के बाद पूरे परिसर में धूल और मलबा उड़ने लगा, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई.

सोशल मीडिया पर वायरल पर्चा, अमन सिंह गिरोह पर संदेह

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पर्चा वायरल हुआ, जिसमें अमन सिंह गिरोह के शंकर नामक व्यक्ति द्वारा बमबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. वायरल पर्चे में यह भी कहा गया है कि संजीव सिंह का दरवाजा बम से उखाड़ दिया गया है और धनबाद में जो भी लोहा या कोयले का कारोबार करेगा, उसे रंगदारी देनी होगी. सूत्रों के अनुसार अमन सिंह उत्तर प्रदेश का निवासी था और नीरज हत्याकांड के मामले में धनबाद जेल में बंद रह चुका है. हालांकि, इस पर्चे की प्रामाणिकता को लेकर अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.

संजीव सिंह ने उठाए गंभीर सवाल

पूर्व विधायक संजीव सिंह ने वायरल पर्चे की सत्यता पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना के महज 10 से 15 सेकंड के भीतर सुरक्षाकर्मी और 7–8 अन्य लोग गेट के बाहर पहुंच गए थे, लेकिन उस समय वहां कोई भी भौतिक (फिजिकल) पर्चा मौजूद नहीं था. उन्होंने सवाल किया कि जब मौके पर कोई पर्चा नहीं मिला, तो वह सोशल मीडिया तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच होनी चाहिए. संजीव सिंह ने बताया कि उन्होंने घटना से जुड़ी सभी जानकारियां वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारी को उपलब्ध करा दी हैं.

पुलिस मौके पर, निष्पक्ष जांच की मांग

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के एसएसपी और सिटी एसपी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रात करीब 3 बजे तक घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. संजीव सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की गंभीर और निष्पक्ष जांच की जाए. उन्होंने कहा कि इस घटना को केवल चुनाव से जोड़कर देखने के बजाय एक आपराधिक घटना के रूप में जांचा जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने मीडिया और आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वह प्रशासन को उपलब्ध कराएं.

ये भी पढ़ें…

आधी रात दहल गया धनबाद, झरिया विधायक के आवास सिंह मेंशन पर बमबारी, इलाके में दहशत

झारखंड नगर निकाय चुनाव ड्यूटी के लिए बस, ट्रक और बाइक का डेली रेट फिक्स, जानें किस वाहन पर कितना मिलेगा?