Dhanbad News: मैट्रिक-इंटरमीडिएट की परीक्षा आज से, वीडियो कॉल से की जाएगी मॉनिटरिंग
शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त परीक्षा को लेकर उपायुक्त ने की अधिकारियों के साथ बैठक, दिये कई निर्देशसभी परीक्षा केंद्रों पर होगी सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था
मंगलवार से शुरू हो रही मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर सोमवार को न्यू टाउन हॉल में उपायुक्त आदित्य रंजन की अध्यक्षता में बैठक की गयी. इस दौरान सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, गश्ती दल दंडाधिकारी, स्टेटिक दंडाधिकारी तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये. परीक्षा के दौरान सरकार के परीक्षा संचालन अधिनियम 2001 का अनुपालन सुनिश्चित किया जायेगा. वहीं हर केंद्र के शौचालय की सफाई, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, क्लास रूम में पंखे, पेयजल इत्यादि को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये.
कंट्रोल रूम भी कार्यरत रहेगा
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा को लेकर कंट्रोल रूम भी कार्यरत रहेगा. कंट्रोल रूम से वीडियो कॉल कर सभी स्कूलों की निगरानी की जायेगी. अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे वरीय प्रभार में रहेंगे. कार्यपालक दंडाधिकारी रवींद्रनाथ ठाकुर कंट्रोल रूम के प्रभार में, जबकि जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा नोडल पदाधिकारी रहेंगे. परीक्षा के लिए स्टेटिक दंडाधिकारी, गश्ती दल प्रभारी दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. वहीं प्रश्न पत्र एवं उत्तर पुस्तिका लाने- ले जाने के लिए वाहन, सुचारू यातायात व्यवस्था, सेंटर पर सीसीटीवी कैमरे आदि को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं.
