Dhanbad News: मुहल्लों में गंदगी का अंबार, लटके हैं जर्जर तार

Dhanbad News: वार्ड नंबर 35, ग्राउंड रिपोर्ट : नालियां पड़ी हैं जाम, मच्छरों का प्रकोप

By OM PRAKASH RAWANI | February 3, 2026 2:28 AM

Dhanbad News: वार्ड नंबर 35, ग्राउंड रिपोर्ट :

नालियां जाम पड़ी हैं. इसके चलते इलाके में मच्छरों का प्रकोपDhanbad News: धनबाद नगर निगम अंतर्गत वार्ड नंबर 35 के विभिन्न मुहल्लों में साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा है. अधिकतर नालियां जाम पड़ी हैं. इसके चलते इलाके में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. विभिन्न मुहल्लों में जगह-जगह बिजली के जर्जर तार लटके हैं, जो खतरे को आमंत्रण दे रहे हैं. करोड़ों की लागत से एना और सिंह नगर बस्ती की तालाब का सौंदर्यीकरण कराया गया, लेकिन देखरेख के अभाव में दोनों तालाब गंदगी से पट गये हैं. पर्व-त्योहार के समय स्थानीय लोग तालाबों की स्वयं सफाई करते हैं. वार्ड नंबर 35 में पार्क, विवाह मंडप, आयुष केंद्र, जल मीनार का निर्माण कराया गया है. लेकिन देखरेख के अभाव में निर्माण के साथ ही सभी योजनाएं बदहाल स्थिति में पहुंच गयी है. स्थानीय निवासियों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. इससे नगर निगम के प्रति नागरिकों में नाराजगी है.

स्ट्रीट लाइट नहीं, रहता है अंधेरा :

वार्ड 35 के कई मुहल्लों में स्ट्रीट लाइट नहीं रहने से शाम ढलते ही अंधेरा पसर जाता है. इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

एक नजर

आबादी : लगभग 85000मतदाता : लगभग 17447प्रमुख समस्याएं : गंदगी, प्रदूषण, पेयजल, बिजली और युवाओं को रोजगार. प्रमुख मुहल्ले : राइज एरिया, मांझी बस्ती, इंडस्ट्री कोलियरी, एना, परसाटांड़ बस्ती, भगतडीह, सिंह नगर, व बोर्रागढ़ क्षेत्र.

पूर्व पार्षद का दावा

वार्ड नंबर 35 के पूर्व पार्षद निरंजन कुमार का कहना है कि नगर परिषद बोर्ड भंग होने से पहले क्षेत्र का पूरा विकास किया गया. वार्ड क्षेत्र में आयुष केंद्र, विवाह मंडप का निर्माण कराया. गोशाला मोड़ से इंडस्ट्री एना परसटांड़ बस्ती तक सड़क निर्माण कराया गया. तालाब का सौंदर्यीकरण तथा पार्क का निर्माण कराया गया. लेकिन कार्यकाल की अवधि समाप्त होते ही निगम प्रशासक ने मनमानी शुरू कर दी. बावजूद अपने स्तर से क्षेत्र के लोगों की सेवा के लिए तत्पर हूं.

लोगों की आवाज

वार्ड 35 के मुहल्लों में नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं. साफ-सफाई नहीं होने से आम जनता में निगम के प्रति आक्रोश है. बिजली के जर्जर तारों को बदला नहीं जा रहा है. मुहल्लों में विकास कार्य संतोषजनक नहीं है.

बबलू सिंह, गोशाला मोड़

मुहल्लों में साफ-सफाई नहीं हो रही है. जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है. नगर निगम में सुविधाओं का घोर अभाव है. स्थानीय लोगों में धनबाद नगर निगम के प्रति रोष है. निगम चुनाव में इसका जवाब दिया जायेगा.

बबलू अंसारी, इंडस्ट्री कोलियरी

वार्ड में बिजली प्रमुख समस्या है. आये दिन बिजली में बिजली की कटौती एवं लोड शेडिंग से लोग परेशान रहते हैं. जर्जर तारों को बदला नहीं जा रहा है. क्षेत्र में विवाह मंडप, आयुष केंद्र, सड़क की स्थिति अन्य वार्ड से बेहतर है.

कौशल वर्मा, परसाटांड़ बस्ती