Dhanbad News: कोलाकुसमा की ओर से आये थे अपराधी, एक बम सिंह मेंशन के अंदर, दूसरा बाहर गिरा

सिंह मेंशन में रविवार रात हुई बमबाजी मामले में सीसीटीवी फुटेज में दिखे बाइक सवार, बम फेंक एट लेन की ओर भागे

सिंह मेंशन में रविवार रात हुई बमबाजी की घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी धनबाद पुलिस के हाथ खाली हैं. मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज व एसएफएसएल जांच में जुटी है. पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, पर इसमें बमबाजी में शामिल बाइक सवारों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिख रहे. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि स्पोर्ट्स नेकेड बाइक पर सवार दो अपराधी कोलाकुसमा की तरफ से आये थे. दोनों ने ही मंकी कैप पहन रखा था. सिंह मेंशन के समीप बाइक की स्पीड थोड़ी कम की. सिंह मेंशन में बम फेंकने के बाद गोल बिल्डिंग होते हुए एट लेन के रास्ते फरार हो गये. पुलिस ने एट लेन में कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज निकाले हैं. लेकिन, अब तक अपराधियों की शिनाख्त नहीं हो पायी है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि बाइक सवार आये अपराधियों में से एक ने बम में आग लगाकर सिंह मेंशन के अंदर फेंका. दूसरा बम तार से टकरा जाने के कारण गेट के बाहर ही फट गया. इसके बाद दोनों वहां से भाग गये. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई जगहों पर संदिग्ध बाइक सवारों की फुटेज मिली है, जिसे बारीकी से खंगाला जा रहा है. फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

कई बिंदुओं पर जांच कर रही है पुलिस

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना के बाद पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. इस परिवार से कई लोगों की पुरानी दुश्मनी रही है. हाल ही में नीरज सिंह सहित चार लोगों के हत्याकांड के आरोप में बरी होने के बाद संजीव सिंह बाहर निकले हैं. पुलिस इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, कहा : अमन सिंह हत्या का बदला लेंगे

सिंह मेंशन में बमबाजी के घटना के बाद सोमवार को एक वीडियो वायरल हुआ है. हालांकि, प्रभात खबर इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता. वायरल वीडियो में एक युवक खुद को आशीष शुक्ला उर्फ सत्यम बता रहा है. वह कह रहा है कि शंकर सिंह का अमन सिंह गैंग से कोई नाता नहीं है और वह फर्जी है. वह अमन सिंह गैंग को बदनाम कर रहा है. बतायेंगे कि अमन सिंह का बदला कैसे लिया जाता है. इसे पूरा कोयलांचल देखेगा. सत्यम शुक्ला गैंग व राहुल दुबे गैंग एक है. जैसे अमन साहू व अमन सिंह एक था.

रागिनी सिंह की शिकायत पर हुई प्राथमिकी

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने सरायढेला थाने में लिखित शिकायत दी है. पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है. रागिनी सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि रविवार की रात करीब 11.30 बजे वह अपने आवास सिंह मेंशन स्थित पार्क के बगल में परिवार के सदस्यों के साथ बैठी हुई थी. इसी समय अचानक दो बार जोरदार बम धमाका हुआ. जान मारने के इरादे से बम फेंके गये थे. एक धमाका तो हमलोग जहां बैठे थे, उससे कुछ ही दूरी पर हुआ. यह बमबाजी जान मारने की नीयत से की गयी थी. एक धमाका उस स्थान से कुछ ही दूरी पर हुआ जहां वह बैठी थी, जबकि दूसरा धमका मुख्य द्वार के सामने हुआ. घटना के समय धनबाद पुलिस के जवान जो मेरी सुरक्षा में प्रतिनियुक्त हैं, वहीं पर मौजूद थे. घटना के कुछ ही सेकेंड के भीतर वह गेट के बाहर निकली. देखा कि बम फेंकने के बाद दो व्यक्ति बाइक से तेजी से जा रहे थे. उस समय झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह भी मेरे साथ थे. उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि अपराधी अगर अपने इरादे में सफल हो जाते, तो करीब दर्जन भर से अधिक लोगों की जान जा सकती थी.

कानून-व्यवस्था फेल, पुलिस को चुनौती : रागिनी

विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि यह कानून-व्यवस्था पर सीधा हमला है. यहां विधि-व्यवस्था फेल है. उन्होंने पुलिस से मामले का शीघ्र उद्भेदन करने की मांग की है. उन्होंने कहा : राज्य में आपराधिक गतिविधियां बेलगाम हो चुकी हैं. अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे अब जनप्रतिनिधियों के आवास को निशाना बना रहे हैं. पुलिस को चाहिए कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाये.

पुलिस करे कार्रवाई : संजीव

पूर्व विधायक संजीव सिंह ने कहा कि सिंह मेंशन में रविवार की रात बमबाजी की घटना हुई. वरीय पुलिस अधिकारी को जानकारी दी गयी है और पुलिस भी आयी है. अब इस मामले संलिप्त आरोपियों पर पुलिस अपनी कार्रवाई करे.

फॉरेंसिक टीम ने की जांच

सोमवार को पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया और घटना स्थल से बम के अवशेष को जब्त किये. कई तरह के सबूत भी जुटाये. इस दौरान स्पेशल ब्रांच व सीआइडी की टीम भी मौजूद थी.

मेंशन में समर्थकों का लगा जमावड़ा

घटना के बाद सोमवार को बड़ी संख्या में समर्थक सिंह मेंशन पहुंचे. लोग अपने नेता पूर्व विधायक संजीव सिंह एवं विधायक रागिनी सिंह से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHOK KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >