आधार सेवा केंद्रों पर बढ़ती भीड़ और नागरिकों की परेशानी को देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की पहल पर यूआइडीएआइ ने धनबाद में आधार सेवाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाये हैं.
उपायुक्त के आग्रह पर यूआइडीएआ के क्षेत्रीय कार्यालय रांची ने धनबाद मुख्य आधार सेवा केंद्र की सेवा क्षमता बढ़ाने का निर्णय लिया है. वर्तमान में केंद्र पर प्रतिदिन औसतन 460 लोग आधार संबंधी सेवाओं का लाभ ले रहे हैं.
दो नया किट लगने से बढ़ेगी क्षमता
धनबाद आधार सेवा केंद्र में अभी आट किट से सेवाएं दी जा रही हैं. जल्द ही दो अतिरिक्त किट स्थापित हो जायेंगे. किट बढ़ जाने से आधार नामांकन और अद्यतन कराने वालों को अधिक सेवा मिल सकेगी और भीड़ कम करने में मदद मिलेगी.
समाहरणालय में खुलेगा नया केंद्र
कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से समाहरणालय परिसर में जिला स्तरीय नया आधार सेवा केंद्र स्थापित किया जा रहा है. शुरुआत में यहां एक किट से सेवा शुरू होगी, जरूरत के अनुसार इसे दो किट तक बढ़ाया जा सकेगा. गोविंदपुर और बाघमारा प्रखंड में भी जल्द नये आधार सेवा केंद्र शुरू होंगे. भविष्य में पंचायत स्तर तक आधार सेवा उपलब्ध कराने की योजना है.
जिले में 148 किट से मिल रही सेवा
मुख्य आधार केंद्र के अलावा जिले के विभिन्न बैंकों, डाकघरों, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक और सीएससी के माध्यम से कुल 148 नामांकन एवं अद्यतन किट संचालित हैं. इससे नागरिकों को नजदीकी केंद्रों पर आधार संबंधी कार्य कराने का विकल्प मिल रहा है. पड़ोसी जिलों बोकारो, गिरिडीह और देवघर में यूआइडीएआइ के केंद्र पूरी तरह संचालित होने से दूसरे जिलों के लोगों को स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल रही है और धनबाद केंद्र पर दबाव भी घट रहा है.
नयी तकनीक से कम होगा समय
पुराने ईसीएमपी सॉफ्टवेयर के स्थान पर चरणबद्ध तरीके से यूनिवर्सल क्लाइंट लागू किया जा रहा है. इससे आधार नामांकन और अद्यतन प्रक्रिया तेज, सरल और अधिक दक्ष होगी. प्रति व्यक्ति सेवा में लगने वाला समय भी कम होगा. उपायुक्त ने नागरिकों से लंबी कतार से बचने के लिए यूआइडीएआइ पोर्टल पर ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेने और निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचने की अपील की है.
