तेलीपाड़ा के दामोदरपुर में बन रहे शहर का पहला नगर वन निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है. फंड के अभाव में पिछले दो वर्षों से नगर वन निर्माण कार्य रूका हुआ था. योजना को लेकर केंद्र सरकार द्वारा फंड आवंटित किये जाने के साथ नगर वन का काम पुन: शुरू किया गया. वन व पर्यावरण विभाग के अधिकारियों के अनुसार 30 एकड़ में बनने वाले नगर वन की सफाई का कार्य शुरू किया गया है. सफाई का काम पूरा होते हुए पेवर ब्लॉक लगाया जायेगा. इसके लिए नगर निगम से सहायता मांगी गयी है. वहीं बरसात में नगर वन की 30 एकड़ भूमि पर विभिन्न प्रजाति के पौधे लगाने की योजना है. डीएफओ विकास पालीवाल ने इस साल के अंत तक नगर वन का कार्य पूरा करने का दावा किया है.
आठ हजार फलदार व आयुर्वेदिक पौधे लगाने की योजना :
नगर वन में इस बरसात आठ हजार पौधे लगाने की योजना है. वन व पर्यावरण विभाग की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गयी है. डीएफओ ने बताया कि नगर वन में फलदार, औषधि के साथ-साथ स्थानीय प्रजाति के अलग-अलग पौधे लगाये जायेंगे. वन विभाग के नर्सरी में पौधे तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया है.पहले ही पूरा हो चुका है नगर वन की घेराबंदी का काम :
बता दें कि 2022 में तेलीपाड़ा के दामोदरपुर में नगर वन निर्माण कार्य शुरू किया गया था. लगभग एक साल तक नगर वन के लिए चिह्नित भूमि की घेराबंदी का कार्य किया गया. इसके अलावा नगर वन घूमने आने वालों के लोगों के बैठने के लिए अलग-अलग मेज का निर्माण कराया गया. बाद में फंड के अभाव में योजना का काम रुक गया.जैव-विविधता संरक्षण के लिए नगर वन का हो रहा निर्माण :
शहरी क्षेत्र में लोगों को जंगल का अहसास हो सकें, इसके लिए नगर वन का निर्माण कराया जा रहा है. यहां पौधरोपण के साथ जॉगिंग ट्रैक, साइकिलिंग ट्रैक, ओपन जिम व तरह-तरह की वाटिका बनायी जायेगी. इस कार्य के पूरा होने से शहर में प्रदूषण भी कम होगा.नगर वन में ये होंगे खास :
नगर वन की चारों ओर से फेंसिंग की जायेगी. इसके अलावा स्थानीय प्रजाति के पौधे व झाड़ियां लगायी जायेंगी. थीम आधारित पौधारोपण के जरिए स्मृति वन व नक्षत्र वन आदि बनाये जायेंगे. जैव-विविधता के लिए सभी प्रकार के सजावटी, झाड़ियां, बेलदार, औषधीय, पुष्प व फलों के पौधे लगाये जायेंगे. रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था होगी. पेयजल, बेंच, फुटपाथ, जॉगिंग एवं साइकिल ट्रैक का निर्माण कराने की योजना है.वर्जन
नगर वन निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. आने वाले समय में पेवर ब्लॉक, जॉगिंग, साइकलिंग ट्रैक निर्माण के साथ लोगों के मनोरंजन के लिए सामान लगाने की योजना है. बरसात में आठ हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है. इस साल के अंत तक नगर वन लोगों को समर्पित करने की योजना है.
विकास पालीवाल,
डीएफओडिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
