मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने धनबाद के कतरास, झरिया और बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के एसआइआर कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया.
इस दौरान बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में कार्यों की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने और लापरवाही सामने आने पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी बाघमारा सह निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन को शो-कॉज किया. सोमवार के अपने दौरे में उन्होंने संबंधित अधिकारियों, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ से कार्यों की प्रगति और आने वाली समस्याओं की जानकारी ली.
खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं, जिम्मेदारी तय होगी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची का एसआइआर बेहद महत्वपूर्ण कार्य है. इसमें किसी भी स्तर पर खानापूर्ति या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. इआरओ, एइआरओ, अतिरिक्त एइआरओ, बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी. एसआइआर संबंधी कार्य में शिथिलता मिलने पर संबंधित बीएलओ सुपरवाइजर की जिम्मेदारी तय करने के साथ लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की जायेगी.
समय पर नोटिस तामील कराने का निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सोमवार देर शाम समाहरणालय सभागार में धनबाद जिला के सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी और बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के इआरओ एवं एइआरओ के साथ बैठक कर एसआइआर की प्रगति की समीक्षा की.
उन्होंने दावा एवं आपत्ति से जुड़े मामलों में संबंधित पक्षों को ससमय नोटिस तामील कराने का निर्देश दिया. प्रत्येक आवेदन, दावा-आपत्ति और प्रस्तुत दस्तावेज की गहन जांच के बाद ही स्पष्ट और सकारण आदेश जारी करने को कहा.
एक भी पात्र मतदाता न छूटे
के रवि कुमार ने कहा कि एसआइआर का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटे और किसी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो. इसके लिए बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को क्षेत्र में सक्रिय रहकर मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाये रखने का निर्देश दिया गया. उन्होंने मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने को निर्वाचन तंत्र की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया.
