कतरास में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, आउटसोर्सिंग रोड पर वाहन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत

कतरास के गोविंदपुर क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे कामकाज ठप हो गया.

धनबाद. कतरास थाना क्षेत्र के बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र स्थित आकाशकिनारी जीटीए आउटसोर्सिंग के हॉल रोड में शनिवार की अलसुबह वाहन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. मृतक की पहचान कैलूडीह 11 नंबर निवासी मधुसूदन यादव (55) के रूप में हुई है. घटना सुबह करीब पांच बजे की बतायी जा रही है. हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर मार्ग जाम कर दिया. कंपनी में कामकाज भी ठप हो गया.

सुबह घर से निकले थे, हादसे में गयी जान

मृतक के पुत्र भीम यादव के अनुसार, उनके पिता रोज की तरह शनिवार की सुबह शौच के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गये. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

मृतक के दो पुत्र भीम यादव और करन यादव तथा चार पुत्रियां हैं. सभी पुत्रियों का विवाह हो चुका है. पत्नी रेणु देवी भी घटनास्थल पर विलाप करती रहीं. भीम यादव जीटीए आउटसोर्सिंग में कार्यरत हैं.

सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वार्ड दो के पार्षद मो शहाबुद्दीन समेत कई स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और परिजनों तथा स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली.

पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है. समाचार लिखे जाने तक शव हॉल रोड पर ही था.

मुआवजे को लेकर वार्ता जारी

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया. इससे हॉल रोड पर आवागमन प्रभावित रहा. कंपनी में भी काम पूरी तरह ठप हो गया. कंपनी प्रबंधन और स्थानीय लोगों के बीच मुआवजे को लेकर बातचीत चल रही थी.

ग्रामीणों और परिजनों की मांग है कि मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाये. वहीं, पुलिस अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: बलियापुर बाजार में त्योहार से ठीक पहले बड़ी सेंधमारी: दीवार तोड़कर उड़ा ले गए 20 स्मार्टफोन, दुकानदारों में दहशत

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kamdeo singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >