सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर एसएनएमएमसीएच प्रबंधन सख्त, काम में सुधार नहीं होने पर ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में सफाई व्यवस्था को लेकर अस्पताल प्रबंधन सख्त हो गया है. आउटसोर्स एजेंसी की भुगतान दर बढ़ाने की मांग के बीच प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में सफाई व्यवस्था को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने आउटसोर्स एजेंसी कमांडो सिक्योरिटी प्राइवेट लिमिटेड को कड़ी चेतावनी दी है. प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अस्पताल की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं होने पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की अनुशंसा भी की जा सकती है.

रेट बढ़ाने की मांग से बना असमंजस

जानकारी के अनुसार, अस्पताल में आउटसोर्स के माध्यम से सफाई कार्य कर रही एजेंसी ने भुगतान दर बढ़ाने की मांग की है. एजेंसी की ओर से प्रबंधन को यह भी बताया गया है कि यदि उसकी दरों में वृद्धि नहीं की गयी, तो वह एक नवंबर से अस्पताल में सफाई कार्य बंद कर सकती है. इसके बाद अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.

सफाई व्यवस्था से समझौता नहीं

एजेंसी की मांग के बीच अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि भुगतान दर से संबंधित सभी निर्णय नियमानुसार लिये जायेंगे. हालांकि, किसी भी परिस्थिति में अस्पताल की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जायेगी. प्रबंधन ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है.

तय मानकों के अनुसार काम करने का निर्देश

अस्पताल प्रबंधन ने एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सफाई कार्य में सुधार लाने और तय मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. साथ ही चेतावनी दी गयी है कि यदि कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vicky Prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >