धनबाद : पिछले दो-ढाई माह से बिजली आपूर्ति की स्थित खराब हो गयी है. इस कारण क्षेत्र में पानी की समस्या विकराल हो गयी है. डीवीसी के अधिकारियों से पूछने पर कहते हैं कि बिजली की सप्लाई दी जा रही है, जबकि माडा व पेयजल व स्वच्छता विभाग बिजली आपूर्ति ठीक से नहीं होने का हवाला देता है. विभाग के अधिकारियों में तालमेल नहीं है.
इस कारण जिले में बिजली-पानी के लिए त्राहिमाम मचा हुआ है. अधिकारियों के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है. जनता जनप्रतिनिधियों से सवाल कर रही है. इतना ही, नहीं गालियां सुननी पड़ रही है. ये मुद्दे धनबाद के सांसद पशुपति नाथ सिंह ने बुधवार को प्रदेश 20 सूत्री की रांची में आयोजित बैठक में उठाये. सांसद श्री सिंह ने कहा कि सरकार मामले पर अविलंब कार्रवाई करते हुए विभाग के अधिकारियों में तालमेल स्थापित कराए, ताकि क्षेत्र की जनता को बिजली-पानी की समस्या से निजात मिल सके.
उपचार योजना का लाभ सुनिश्चित कराने की मांग : सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना (असाध्य रोग) के तहत गरीब मरीजों को आवासीय प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण लाभ नहीं मिल रहा है. वैसे गरीब मरीजों को योजना का लाभ मिल सके, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. इस दौरान सांसद ने फुटपाथ दुकानदारों की कई समस्याओं को भी रखा. उन्होंने अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र का भी माला उठाया.
सीएम के प्रधान सचिव नहीं उठाते सांसद का फोन
प्रदेश 20 सूत्री की बैठक में सांसद पशुपति नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील वर्णवाल पर फोन नहीं उठाने का आरोप लगाया. श्री सिंह ने कहा कि प्रधान सचिव को 20 बार फोन किया, लेकिन उन्होंने न तो फोन उठाया और न ही कॉल बैक किया, जो सीधे-सीधे प्रोटोकॉल का उल्लंघन है और यह बहुत ही दु:खद स्थिति है. बैठक में मौजूद प्रधान सचिव श्री वर्णवाल ने फोन नंबर सेव नहीं होने की वजह से ऐसा होने की बात कही. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह काफी गंभीर मामला है.
उन्होंने सभी अधिकारियों को सांसद, विधायकों का फोन नंबर अपने मोबाइल में सेव रखने की हिदायत दी. कहा कि इनसे बातचीत कर समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करें. बता दें कि सांसद श्री सिंह ने मंगलवार को धनबाद में बयान जारी कर कहा था कि अधिकारी बात नहीं सुनते हैं, जिस वजह से जनता की गालियां उन्हें सुननी पड़ती है. साथ ही परेशानी भी झेलनी पड़ती है.
गया पुल चौड़ीकरण का मामला उठा
सांसद पशुपति नाथ सिंह ने गया पुल चौड़ीकरण का मामला उठाया. उन्होंने कहा कि पुल चौड़ीकरण का प्रस्ताव काफी पुराना है, इसके बावजूद अब-तक काम शुरू नहीं सका. इस कारण आये दिन यहां जाम की समस्या बनी रहती है. लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है. गया पुल का चौड़ीकरण हो जाने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी.
