देवघर : नगर थाना क्षेत्र के कोरियासा मुहल्ले में दुकान के गल्ले से रुपये लेकर भाग रहे युवक को पकड़ने के बाद मोबाइल चोरी का खुलासा हुआ है. स्थानीय लोगों की मदद से पकड़े गये युवक की पहचान राउत नगर हरदलाकुंड, दुर्गाबाड़ी निवासी गोपाल उर्फ लल्ला के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से चोरी के दो मोबाइल बरामद किये हैं. मामले में कोरियासा निवासी अनंत कुमार राजन के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
दुकान से रुपये लेकर भाग रहा था युवक
प्राथमिकी के अनुसार, 21 सितंबर को करीब 11:30 बजे अनंत कुमार राजन अपनी दुकान में थे. इसी दौरान एक युवक दुकान के गल्ले से रुपये लेकर भागने लगा. अनंत ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया. शोर सुनकर आसपास के लोग भी जुट गये. इसके बाद युवक को नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
पूछताछ में मोबाइल चोरी की बात सामने आयी
पूछताछ में युवक ने 12 सितंबर को अनंत के घर से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की. उसने अपने पास से एक काले रंग का मोबाइल निकालकर बताया कि उसे भी किसी राहगीर से चोरी किया है. पूछताछ में उसने चार-पांच दिन पहले कोरियासा के एक घर से भी मोबाइल चोरी करने की बात बतायी.
दोनों मोबाइल बेचने की कही बात
प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी गोपाल उर्फ लल्ला ने पुलिस को बताया कि चोरी किये गये दोनों मोबाइल उसने सिंघवा निवासी बिट्टू चौधरी को बेच दिये हैं. शिकायतकर्ता के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. गिरफ्तार युवक को कोर्ट में पेशी के बाद नगर थाना पुलिस ने न्यायिक हिरासत में मंडल कारा भेज दिया गया.
