Deoghar News : जंगल में बैठकर करते थे ठगी, तीन साइबर आरोपी गिरफ्तार

साइबर थाने की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बुढ़ैई थाना क्षेत्र के भिरखीबाद जंगल में छापेमारी कर साइबर ठगी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

वरीय संवाददाता, देवघर : साइबर थाने की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बुढ़ैई थाना क्षेत्र के भिरखीबाद जंगल में छापेमारी कर साइबर ठगी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किये गये सभी आरोपी फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर उनसे ठगी कर रहे थे. पुलिस ने बताया कि आरोपी फर्जी क्रेडिट कार्ड अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से केवाइसी अपडेट कराने, पीएम किसान योजना व एसबीआइ क्रेडिट कार्ड से जुड़ा फर्जी लिंक भेजकर साइबर ठगी करते थे. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर उपभोक्ताओं को भ्रमित करते थे और उनसे गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे. गिरफ्तार किये गये आरोपियों में करौं थाना क्षेत्र के बदिया गांव निवासी गुल मोहम्मद अंसारी, आफताब अंसारी व पाथरौल थाना क्षेत्र के छोटा संघरा गांव निवासी गौतम कुमार दास शामिल हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल सहित तीन सिम कार्ड बरामद किये हैं. जांच में सामने आया है कि इन लोगों के पास से बरामद मोबाइल नंबरों के खिलाफ ऑनलाइन ठगी की कई शिकायतें पहले से दर्ज हैं. गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर कुछ साइबर आरोपी एकत्रित होकर फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं. इसी सूचना पर छापेमारी टीम ने घेराबंदी कर इन सभी को पकड़ा. इस कार्रवाई में साइबर थाने के इंस्पेक्टर सहदेव प्रसाद, एसआइ घनश्याम गंझू व सशस्त्र बल शामिल थे. हाइलाइट्स – पुलिस ने तीन मोबाइल सहित तीन सिम कार्ड जब्त किये – बरामद मोबाइल नंबरों के खिलाफ ऑनलाइन ठगी की कई शिकायतें पहले से दर्ज – बुढ़ेई थाना क्षेत्र के भिरखीबाद जंगल में गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ashish kundan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >