मोहनपुर: रिखिया थाना क्षेत्र के सोनवा डंगाल में शुक्रवार की रात 65 वर्षीय वृद्ध रामकी महतो की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. हत्या के बाद शव को घटनास्थल पर फेंक दिया गया. मृतक रिखिया थाना क्षेत्र के बिहरोजी गांव के रहने वाले थे. घटना की सूचना मिलने पर रिखिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पेड़ा दुकान में काम कर लौट रहे थे घर
परिजनों के अनुसार, रामकी महतो प्रतिदिन देवघर स्थित एक पेड़ा दुकान में काम करने जाते थे. वह रात करीब 10 बजे काम खत्म कर घर लौटते थे. शुक्रवार की रात भी वह देवघर से काम खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान सोनवा डंगाल के पास अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की. शनिवार की रात घटना होने के बाद रविवार सुबह ग्रामीणों ने सोनवा डंगाल में रामकी महतो का शव पड़ा देखा. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.
सिर और शरीर पर मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, मृतक के माथे पर गहरे चोट के निशान मिले हैं. शरीर के अन्य हिस्सों पर भी जख्म के निशान पाये गये. घटनास्थल के समीप झाड़ी से मृतक की साइकिल और चप्पल बरामद की गयी. वहीं, कुछ दूरी पर उनका मोबाइल और चार्जर मिला.
जमीन विवाद में हत्या का आरोप
मृतक के बेटे डमरू यादव ने अपने गोतिया पर जमीन हड़पने की नीयत से पिता को परेशान करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले भी गोतिया के लोगों ने उनके घर को ध्वस्त कर दिया था और उनके पिता के साथ मारपीट की थी. डमरू यादव का आरोप है कि शुक्रवार की रात उनके गोतिया के चार-पांच लोग सोनवा डंगाल में घात लगाकर बैठे थे. उनके पिता को अकेला पाकर सभी ने मारपीट कर उनकी हत्या कर दी और शव को वहां फेंक दिया.
ये भी देखें: Deoghar News : युवक की पीट-पीटकर हत्या, समधी, समधन व दामाद पर आरोप
ये भी देखें: Deoghar news : युवक की पीट-पीटकर हत्या मामले में अब पत्नी को मिल रही धमकी, तीन के खिलाफ दर्ज करायी है प्राथमिकी
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआइ शकील अहमद, अजय कुमार सिंह, मुखिया अनिल कुमार साह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से बरामद सामान को जब्त कर लिया है. हत्या के कारणों और आरोपों की जांच की जा रही है. पुलिस मृतक के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
