सारठ : उत्क्रमित प्लस टू विद्यालय पत्थरड्डा में 11 सितंबर को हुए विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पुनर्गठन में नियमों की अनदेखी और मनमानी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बीईईओ को शिकायत पत्र सौंपा है. ग्रामीणों ने वर्तमान पुनर्गठन को रद्द कर नियम के तहत पुनः चुनाव कराने की मांग की है.
अध्यक्ष व संयोजिका के चयन पर सवाल
शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पुनर्गठन के दौरान पर्यवेक्षक रहमुद्दीन अंसारी, मिठु दास व टीकेत दास ने मनमाने पूर्ण तरीके से अवध किशोर तुरी को अध्यक्ष तथा प्रमिला देवी को संयोजिका के पद पर चयनित कर दिया.
दो साल से अध्ययनरत बच्चे के अभिभावक की सहभागिता जरूरी
ग्रामीणों का कहना है कि एसएमसी गठन के लिए वर्ग एक से आठ तक अध्ययनरत बच्चों के अभिभावकों की आमसभा में सहभागिता जरूरी है. साथ ही अभिभावक का बच्चा संबंधित विद्यालय में कम से कम दो वर्षों से अध्ययनरत होना चाहिए.
आमसभा की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं करने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि आमसभा की प्रक्रिया और पात्र अभिभावकों के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गयी तथा ग्रामीणों को दिग्भ्रमित कर मनमाने तरीके से अध्यक्ष व संयोजिका का चयन कर लिया गया.
चयन प्रक्रिया की जांच व दोबारा चुनाव की मांग
इसे नियम के अनुकूल नहीं बताते हुए ग्रामीणों ने चयन प्रक्रिया की जांच कराने और गलत तरीके से हुए चयन को रद्द कर नए सिरे से चुनाव कराने की मांग की है. शिकायत पत्र पर पिंटू बाउरी, अर्जुन बाउरी, किशन बाउरी, मनोज वर्मा, रंजीत बाउरी, निताय बाउरी, जोबा बाउरी, चंद्र किशोर बिस्तु, नारायण मिर्धा समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं.
क्या कहते हैं बीईईओ
बीईईओ अमिताभ झा ने कहा कि शिकायत पत्र कार्यालय को प्राप्त हुआ है. मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
