मधुपुर : भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक पावन पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को शहर समेत ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही घरों में पूजा-पाठ का सिलसिला शुरू हो गया था. बहनों ने शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी आयु, सुख-समृद्धि व उज्ज्वल भविष्य की कामना की. वहीं, भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किये.
राखी और मिठाइयों की दुकानों पर रही भीड़
शहर के प्रमुख बाजारों के साथ-साथ ग्रामीण हाट-बाजारों में भी रौनक बनी रही. राखी, मिठाइयों, उपहार और पूजा सामग्री की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही. रंग-बिरंगी राखियों और उपहारों की खरीदारी दिनभर चलती रही, जिससे बाजार में उत्साह का माहौल बना रहा.
शाम को चौक-चौराहों पर बढ़ी रौनक
शाम ढलते ही शहर के चौक-चौराहों, रेस्टोरेंटों और चाट की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ नजर आयी. बहनें भाइयों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चाट, गोलगप्पे, पकौड़े, आइसक्रीम और अन्य व्यंजनों का आनंद लेती दिखीं.
मिठाइयां बांटकर बढ़ायी रिश्तों की मिठास
कई परिवारों ने एक-दूसरे के घर जाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और मिठाइयां बांटीं. इससे रिश्तों की मिठास और बढ़ी. पूरे दिन शहर से लेकर गांवों तक उत्सव का माहौल बना रहा. बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में भी पर्व को लेकर उत्साह देखा गया.
रक्षाबंधन के अवसर पर पूरे क्षेत्र में भाई-बहन के स्नेह और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली.
