मंदिर की मूर्ति में रंग कर रहा था 70 वर्षीय मूर्तिकार, अचानक नीचे गिरा और चली गयी जान

जसीडीह के दुर्गा मंदिर में रंगाई-पुताई कर रहे 70 वर्षीय मूर्तिकार की दर्दनाक मौत. इलाज के लिए ले जाने के बाद तोड़ा दम. पुलिस जांच में जुटी.

प्रतिनिधि, जसीडीह: जसीडीह थाना क्षेत्र के पागलबाबा स्थित दुर्गा मंदिर में सोमवार की सुबह काम करने के दौरान एक मूर्तिकार अचानक मंदिर के ऊपर से नीचे गिर गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे इलाज के लिए जसीडीह सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल पहुंचने पर ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पहचान जसीडीह थाना क्षेत्र के रुपसागर मुहल्ला निवासी भोला दास (70) के रूप में हुई है. मृतक के पुत्र टीकेट दास सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने शव की पहचान की.

10 दिनों से मंदिर में कर रहे थे रंग-रोगन

जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा को लेकर पागलबाबा दुर्गा मंदिर में रंग-रोगन का काम चल रहा था. भोला दास पिछले करीब 10 दिनों से मंदिर के ऊपर बनी मूर्तियों में रंग-रोगन का काम कर रहे थे.

सोमवार की सुबह भी वह रोज की तरह काम करने मंदिर पहुंचे थे. बताया गया कि एक तरफ की मूर्ति में रंग करने के बाद वह दूसरी तरफ जा रहे थे. इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह मंदिर के ऊपर से नीचे गिर पड़े.

इलाज के लिए ले जाने के बाद तोड़ा दम

मंदिर के ऊपर से गिरने के बाद भोला दास गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया.

जसीडीह सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्बुलेंस से देवघर सदर अस्पताल भेजा गया. हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की. एएसआई कौशलेंद्र कुमार जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी जुटायी और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

मृतक के पुत्र टीकेट दास ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से मूर्ति निर्माण और रंग-रोगन का काम करते थे. सोमवार की सुबह भी वह पागलबाबा दुर्गा मंदिर में काम करने की बात कहकर घर से निकले थे. कुछ घंटे बाद उनके मंदिर से गिरकर घायल होने की सूचना मिली.

दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गये भोला

भोला दास अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गये हैं. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य देवघर सदर अस्पताल पहुंचे. पिता की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nishidh malviya

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >