देवीपुर : मॉडल रूरल हेल्थ रिसर्च यूनिट जरमुंडी और एम्स देवघर के सहयोग से बुधवार को कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय आइसीएमआर-नेक्स्टजेन एक्सप्लोरर्स साइन ‘एक दिन वैज्ञानिक के रूप में’ कार्यक्रम शुरू हुआ. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान के महत्व, वैज्ञानिक सोच और स्वास्थ्य क्षेत्र में शोध की भूमिका से परिचित कराया गया.
वैज्ञानिक सोच और स्वास्थ्य शोध से हुए रूबरू
वीडियो क्लिप के माध्यम से विद्यार्थियों ने कोवैक्सीन के विकास और खोज की प्रक्रिया को समझा. साथ ही मॉडल रूरल हेल्थ रिसर्च यूनिट में चल रही सिकल सेल रोग, सेप्रा और क्षय रोग से जुड़ी परियोजनाओं की जानकारी दी गयी. विद्यार्थियों को प्रयोगशाला कार्य और विज्ञान में करियर की संभावनाओं से भी अवगत कराया गया.
प्रश्नोत्तरी के बाद विद्यार्थियों को मिला प्रमाण-पत्र
एम्स देवघर के डॉ अभिजीत वी बोराटने, डॉ सुनील पाणिग्रही, मॉडल रूरल हेल्थ रिसर्च यूनिट के नोडल पदाधिकारी डॉ तनवीर रहमान, परियोजना वैज्ञानिक डॉ अर्शी अहद समेत अन्य सदस्य मौजूद थे. कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तरी हुई और प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किये गये.
