राजमहल से दीप सिंह की रिपोर्ट
Rajmahal News: झारखंड में राजमहल के विधायक मो ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने गुरुवार को रांची पहुंचकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने रमजान माह को ध्यान में रखते हुए मुस्लिम शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए विशेष व्यवस्था की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा.
उमाशंकर सिंह को सौंपा ज्ञापन
विधायक ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह को दिए ज्ञापन में अनुरोध किया कि पवित्र रमजान महीने के दौरान मुस्लिम शिक्षकों और कर्मचारियों को निर्धारित समय से एक घंटे पहले छुट्टी देने की व्यवस्था की जाए. उन्होंने कहा कि यह कदम संवेदनशीलता और सहयोग का प्रतीक होगा.
रोजा और इबादत की विशेष व्यवस्था की मांग
विधायक ने कहा कि रमजान के महीने में मुस्लिम समुदाय के लोग रोजा रखते हैं और नियमित रूप से इबादत करते हैं. ऐसे में शिक्षकों और कर्मचारियों को अपने सरकारी दायित्वों के साथ-साथ धार्मिक कर्तव्यों का पालन करने में अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने बताया कि यदि विभाग की ओर से एक महीने तक एक घंटे पहले छुट्टी की व्यवस्था कर दी जाए, तो इससे शिक्षकों और कर्मचारियों को राहत मिलेगी. इससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकेंगे और धार्मिक आस्था का पालन भी सुचारू रूप से कर पाएंगे.
इसे भी पढ़ें: राजकीय इटखोरी महोत्सव का आज होगा भव्य उद्घाटन, तीन दिनों तक रंगारंग कार्यक्रमों की धूम, देखें खास तस्वीरें
पूरे झारखंड में लागू करने की मांग
मो ताजउद्दीन ने यह भी आग्रह किया कि यह व्यवस्था केवल राजमहल क्षेत्र तक सीमित न रहकर पूरे झारखंड राज्य में लागू की जाए. उनका कहना है कि राज्य स्तर पर समान नीति अपनाने से सभी संबंधित कर्मचारियों को समान सुविधा मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा विभाग इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगा और जल्द ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा. अब देखना यह है कि विभाग की ओर से इस प्रस्ताव पर क्या निर्णय लिया जाता है और रमजान के दौरान मुस्लिम शिक्षकों को राहत मिल पाती है या नहीं.
इसे भी पढ़ें: 21 फरवरी को झारखंड आ रहीं जया प्रदा, मेदिनीनगर में करेंगी रोड शो
