22 की उम्र, 6 बड़ी सरकारी परीक्षाओं में सफलता, राहुल की मेधा ने पालोजोरी से देवघर तक बढ़ाया मान

22 साल के राहुल कुमार गुप्ता ने 6 प्रतिष्ठित सरकारी इंजीनियरिंग परीक्षाओं में सफलता पाकर मिसाल कायम की है. सीमित संसाधनों से कैसे हासिल की ये उपलब्धि, जानें.

प्रतिनिधि, पालोजोरी : कहते हैं कड़ी मेहनत और पक्के इरादे हर मंजिल को आसान बना देते हैं. इसे सच कर दिखाया है पालोजोरी निवासी व्यवसायी उपेंद्र प्रसाद साह व बीना गुप्ता के 22 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार गुप्ता ने. राहुल ने अपनी मेधा के बल पर पिछले दो वर्षों के भीतर एक के बाद एक छह प्रतिष्ठित सरकारी इंजीनियरिंग परीक्षाओं में सफलता हासिल कर पालोजोरी सहित पूरे देवघर जिले का नाम रोशन किया है. वर्तमान में वह 2024 से झारखंड सरकार के नगर विकास विभाग में विद्युत कनिय अभियंता (जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल) के पद पर कार्यरत हैं. चार दिनों पूर्व राहुल का चयन एसएससी जेई के माध्यम से केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) में हुआ है. राहुल अब राज्य सरकार के बाद केंद्र सरकार के अधीन अपनी सेवाएं देने की तैयारी में हैं.

सीमित संसाधनों में तैयारी कर हासिल की सफलता

राहुल की सफलता पर उनके पिता उपेंद्र प्रसाद साह, माता बीना गुप्ता और परिजनों ने हर्ष व्यक्त किया है. परिजनों ने बताया कि राहुल बचपन से ही पढ़ाई में अनुशासित और गंभीर रहा है. सीमित संसाधनों के बीच बिना विचलित हुए उसने तकनीकी परीक्षाओं की तैयारी की. मैट्रिक की परीक्षा 2019 में सनरेज हाई स्कूल से पास करने के बाद उसने दुमका पॉलिटेक्निक कॉलेज से इलेक्ट्रिकल में डिप्लोमा किया. इसके बाद उसने मात्र 22 साल की उम्र में कई परीक्षाओं को पास कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया.

छह बड़ी तकनीकी परीक्षाओं में लहराया सफलता का परचम

राहुल कुमार गुप्ता ने पिछले दो वर्षों के भीतर जिन प्रमुख तकनीकी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है, उनमें एसएससी जेई 2025, आरआरबी जेई 2025, आईओसीएल 2025, जेएसएससी जेई 2023, पीजीसीआईएल 2023 और एसएआईएल 2023 शामिल हैं. एसएससी जेई 2025 के माध्यम से उनका चयन सीपीडब्ल्यूडी में हुआ है.

युवाओं के लिए प्रेरणा बने राहुल

मात्र 22 वर्ष की उम्र में राज्य सरकार, देश की महारत्न कंपनियों और अब केंद्र सरकार के अधीन सीपीडब्ल्यूडी में जगह बनाना युवाओं के लिए प्रेरणा है. अपनी सफलता पर राहुल ने कहा, नियमित रूप से पढ़ाई, टाइम मैनेजमेंट और कॉन्सेप्ट को मजबूत रखना ही उनकी सफलता का मूलमंत्र है. अब वह केंद्र सरकार के अधीन सीपीडब्ल्यूडी में पूरी निष्ठा के साथ देश सेवा करना चाहते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By उदय कांत सिंह

प्रभात खबर में 2015 से जुड़े हैं. अंचल की पत्रकारिता करते हैं. ग्रामीणों की समस्याओं और विकासात्मक पत्रकारिता करते हैं. ग्रासरूट लेवल के जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं.

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >