Deoghar News : 23 मार्च को बंधेगा नगर, 25 को होगी नगर गंवाली पूजा

बाबानगरी में पंडा धर्मरक्षिणी सभा की ओर से 25 मार्च को विश्व कल्याणार्थ नगर गंवाली पूजा का आयोजन किया जायेगा. यह जानकारी सभा के अध्यक्ष डॉ सुरेश भारद्वाज ने दी.

संवाददाता, देवघर : बाबानगरी में पंडा धर्मरक्षिणी सभा की ओर से 25 मार्च को विश्व कल्याणार्थ नगर गंवाली पूजा का आयोजन किया जायेगा. यह जानकारी सभा के अध्यक्ष डॉ सुरेश भारद्वाज ने दी. उन्होंने बताया कि इस आयोजन को लेकर मंगलवार को सभा के कार्यालय में शाम साढ़े चार बजे सभी पदाधिकारियों व पूजा में शामिल पंडितों के साथ बैठक भी रखी गयी है. इसमें गंवाली पूजा के लिए की गयी तैयारी व इसके सफल संचालन को लेकर समीक्षा की जायेगी. साथ ही आगामी चैती नवरात्र में बासंती दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर चर्चा की जायेगी. वहीं तय तिथि के अनुसार, आगामी 23 मार्च रविवार को मां काली के मंदिर में शरबत चढ़ा कर नगर को बांधा जायेगा. शरबत चढ़ाने की परंपरा सोमवार को भी जारी रहेगी. नगर बंधने के बाद कोई भी शहर से बाहर नहीं जायेगा. अगर जाते भी हैं, तो नगर बंधन मुक्त होने के पूर्व वे लौट आयेंगे. यह परंपरा दशकों से चली आ रही है. वहीं 24 मार्च यानी सोमवार को सभा की ओर से बाबा मंदिर परिसर में सभी देवी-देवताओं के सामने धूप, दीप, धूमन आदि प्रज्वलित कर मंगलवार को आयोजित हाेने वाली नगर गंवाली पूजा में आने का निमंत्रण दिया जायेगा. इसके बाद शाम के करीब साढ़े छह बजे सोमवार को सभा की अगुवाई में धर्म ध्वजा के साथ भव्य शोभा यात्रा का आयोजन कर शीतला मंदिर में जाकर माता को निमंत्रण दिया जायेगा. वहीं मंगलवार को पूजा व हवन के बाद नगर को बंधन मुक्त कर माता से विश्व कल्याण की कामना की जायेगी.

नगर कुमारी बटुक भोज का होगा आयोजन

गंवाली पूजा को लेकर सभा की ओर से 25 मार्च को बाबा मंदिर परिसर स्थित पाठक धर्मशाला में नगर कुमारी बटुक भोजन का आयोजन किया जायेगा. इसमें करीब 10 हजार कुंवारी कन्या व बटुक भैरव को सात्विक भोजन कराया जायेगा. वहीं संध्या में काली मंदिर के सामने माता को प्रज्वलित अग्नि में धूमना अर्पित किया जायेगा. इस दौरान धूमना अर्पित करने वाले लोगों की देर रात तक भीड़ होगी.

तांत्रिक विधि से किया जायेगा हवन

पूजा के दौरान काली मंदिर के ठीक सामने परंपरा के अनुसार तांत्रिक विधि से हवन का आयोजन किया जाएगा. यह हवन टोको महाराज के द्वारा किया जायेगा.

हाइलाइट्स

– दो दिनों तक चढ़ाया जायेगा मां काली को शरबत

– पूजा से एक दिन पहले सभी देवी-देवताओं को दिया जायेगा निमंत्रण

– मंदिर से निकाली जायेगी शाेभायात्रा

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sanjeev mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >