महादेव की कृपा से मिलती है सकारात्मक ऊर्जा, समाज और देश के लिए बेहतर कार्य करने की मिलती है प्रेरणा
देवघर : सावन के पवित्र महीने में बाबा बैद्यनाथ का दर्शन करने गुरुवार को गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के साथ भाजपा सांसद, भोजपुरी अभिनेता व गायक मनोज तिवारी देवघर पहुंचे. उन्होंने बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. इस दौरान उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम से मिलने वाली आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया.
हर सावन बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने का संकल्प
मनोज तिवारी ने कहा कि हर सावन बाबा बैद्यनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने का उनका संकल्प रहा है. इस बार वह पैदल नहीं पहुंच सके, लेकिन बाबा की कृपा से दर्शन का अवसर मिल गया. उन्होंने कहा कि कई बार परिस्थितियों के कारण लगता है कि बाबा के दरबार तक पहुंचना संभव नहीं होगा, लेकिन अचानक रास्ता बन जाता है और बाबा का बुलावा आ जाता है. उन्होंने देवघर पहुंचने में सहयोग के लिए गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के प्रति भी आभार जताया.
बाबा के दरबार से हर वर्ष लेकर जाते हैं ऊर्जा
उन्होंने कहा कि वैद्यनाथ धाम से हर वर्ष वह अपने लिए ऊर्जा लेकर जाते हैं और देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की प्रार्थना करते हैं. उनके अनुसार, ऊर्जा कई प्रकार की होती है, लेकिन बाबा बैद्यनाथ धाम से मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा व्यक्ति को समाज और देश के लिए बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देती है. उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक स्थलों से मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा का समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है.
नए गीत में भी महादेव की कृपा का संदेश
मनोज तिवारी ने अपने नए गीत का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इस बार उनका गीत “जो दुनिया पूछे सौ सवाल, जोगी तेरा क्या है हाल, मुस्कुरा के बस कह दूं मैं, महादेव की कृपा है, वैद्यनाथ की कृपा है, विश्वनाथ की कृपा है” लोगों के बीच आया है. उन्होंने कहा कि गीत के माध्यम से भी महादेव के प्रति आस्था और उनकी कृपा का संदेश देने का प्रयास किया गया है.
बाबा की कृपा और आशीर्वाद से ही सभी कार्य सफल
उन्होंने कहा कि इस बार सावन का समय कुछ अलग परिस्थितियों में बीता, लेकिन बाबा के दरबार में पहुंचकर वह अपनी पूरी प्रार्थना अर्पित करेंगे. मनोज तिवारी ने कहा कि आगे क्या होगा, यह बाबा की इच्छा पर निर्भर है. बाबा की कृपा और आशीर्वाद से ही सभी कार्य सफल होते हैं.
