प्रतिनिधि, सारठ : मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों के चयन को लेकर अब तक प्रखंड स्तरीय समिति की बैठक नहीं होने से लाभुकों का चयन नहीं हो पा रहा है. बताया गया कि 10 अगस्त को बैठक निर्धारित की गयी थी, परंतु अब तक बैठक की तिथि निर्धारित नहीं की गयी है.
लाभुकों ने लगाया पैसे मांगने का आरोप
इधर, कई लाभुकों द्वारा बीडीओ को शिकायत की गयी है कि पशुधन विकास योजना के तहत चयन को लेकर आवेदन दिया था, परंतु पंचायत प्रतिनिधि के द्वारा 4-4 हजार रुपये की मांग की गयी थी. लाभुकों के अनुसार, रुपये नहीं देने के कारण उनका आवेदन नहीं लिया गया.
लिखित शिकायत पर होगी कार्रवाई : बीडीओ
कई लाभुकों से मिली शिकायत को लेकर बीडीओ सह पशुधन विकास योजना चयन समिति के उपाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने बताया कि बैठक की तिथि जल्द ही निर्धारित की जाएगी.
लाभुकों के चयन को लेकर बीडीओ ने कहा कि पिछले वर्ष जिन लाभुकों को योजना का लाभ नहीं मिल पाया था, वैसे लाभुक प्रतीक्षारत हैं. बैठक में उनका प्रयास रहेगा कि प्रतीक्षारत लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर योजना का लाभ दिया जाए.
वहीं, लाभुकों के चयन में वसूली की शिकायत पर उन्होंने कहा कि उनके समक्ष अभी मौखिक रूप से शिकायत मिली है. लिखित शिकायत मिलते ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
