देवघर : झारखंड से एकमात्र शिक्षिका मुनमुन भट्टाचार्जी को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयनित किया गया है. मुनमुन मध्य विद्यालय बरमसिया देवघर की शिक्षिका हैं. उन्हें पांच सितंबर को विज्ञान भवन नयी दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया जायेगा.
पुरस्कार के साथ 50 हजार रुपये, रजत पदक और यात्रा की सुविधा
इस समारोह में देशभर से चयनित शिक्षकों को राष्ट्रपति सम्मानित करेंगी. शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, प्रत्येक शिक्षक को योग्यता प्रमाणपत्र, 50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और रजत पदक प्रदान किया जायेगा. पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए शिक्षकों को अपने साथ एक सहयोगी ले जाने की अनुमति भी दी गयी है. शिक्षकों और उनके सहयोगियों के लिए इकोनॉमी क्लास की हवाई यात्रा की व्यवस्था की गयी है. इसके लिए टिकट बामर लॉरी, अशोक ट्रेवल्स या आइआरसीटीसी के माध्यम से बुक कराने का निर्देश दिया गया है.
3 सितंबर से दिल्ली में ठहरेंगे चयनित शिक्षक
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार समारोह में शामिल होने वाले शिक्षकों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था नयी दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित होटल द अशोक में की गयी है. शिक्षक 3 सितंबर की दोपहर से 6 सितंबर की सुबह तक होटल में ठहरेंगे. समारोह से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश और कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए 3 सितंबर को शाम 5 बजे होटल द अशोक में ब्रीफिंग बैठक होगी.
पुरस्कार अवधि में ‘ऑन ड्यूटी’ माने जायेंगे शिक्षक
शिक्षा मंत्रालय की संयुक्त सचिव प्राची पांडेय ने राज्यों के शिक्षा सचिवों को पत्र भेजकर चयनित शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. पत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से संबंधित पूरी अवधि में चयनित शिक्षकों को ‘ऑन ड्यूटी’ माना जाये.
