सारठ : अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को ग्राम प्रधान मूल रैयत संघ की ओर से आयोजित मासिक बैठक में ग्राम प्रधानों के अधिकारों में हो रही कटौती को लेकर चर्चा की गई. बैठक में ग्राम प्रधानों ने अगस्त 2026 तक की लंबित प्रोत्साहन राशि का यथाशीघ्र भुगतान करने की मांग की. उन्होंने कहा कि लंबे समय से प्रोत्साहन राशि नहीं मिलने के कारण उनके समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है.
ग्राम प्रधानों के लिए सभा भवन बनाने की मांग
बैठक में प्रधानों ने कहा कि अंचल कार्यालय में ग्राम प्रधानों के लिए कोई कमरा या भवन उपलब्ध नहीं है. कार्यालय आने पर बैठने और बैठक आदि करने में उन्हें काफी परेशानी होती है. ग्राम प्रधानों ने अंचल कार्यालय परिसर में सभा भवन के निर्माण की मांग की.
अवैध कब्जे पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी
ग्राम प्रधानों ने सरकारी गौचर और गैरमजरूआ जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत के बावजूद अंचल कार्यालय द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की. वहीं ग्राम प्रधानों की बैठक में प्रखंड और अंचल कर्मियों के उपस्थित रहने की भी मांग की गई.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में सीआई बिभाष कुमार, प्रधान संघ के अध्यक्ष जय मोहन तिवारी, प्रधान नरेश भोक्ता, राजेश्वर भोक्ता, अनूप कुमार, कृष्णा प्रसाद तिवारी, सोनालाल किस्कू, छातो मंडल, नागेश्वर महतो, सुशील सोरेन, चरण मरांडी, मिथलेश कुमार सिंह समेत अन्य ग्राम प्रधान मौजूद थे.
