राजीव रंजन,देवघर.पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे ने गुरुवार को जसीडीह रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों पर यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों का जायजा लिया. उन्होंने रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं और रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया.
यात्रियों से सीधे ली सुविधाओं की जानकारी
निरीक्षण के दौरान जीएम ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर रेलवे की ओर से उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. बिहार से पहुंचे श्रद्धालु रमेश कुमार से उन्होंने श्रावणी मेला के दौरान स्टेशन पर मिल रही सुविधाओं और किसी तरह की परेशानी के बारे में पूछा. इसके बाद झाझा-बैद्यनाथधाम पैसेंजर ट्रेन में सवार महिला यात्रियों से भी बातचीत कर जसीडीह स्टेशन की व्यवस्था का फीडबैक लिया. यात्रियों से मिले सकारात्मक फीडबैक पर उन्होंने संतोष जताया.
कैंटीन में ब्रांडेड खाद्य पदार्थ देने का निर्देश
जीएम ने स्टेशन परिसर स्थित कैंटीन का भी निरीक्षण किया. उन्होंने यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और ब्रांडेड खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. साथ ही जीआरपी के पास दीवार पर चिपकाये गये विभिन्न सूचनाओं को व्यवस्थित तरीके से प्रदर्शित करने को कहा. उन्होंने अधिकारियों को स्टेशन की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया.
अबतक 18 लाख श्रद्धालुओं को मिली है रेल सेवा
पत्रकारों से बातचीत में जीएम गीतिका पांडे ने कहा कि वह पहली बार बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आयी हैं. सुल्तानगंज से जल लेकर बाबा धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान कई तरह की शारीरिक परेशानियां होती हैं. ऐसे में उनकी सुविधा के लिए जसीडीह और देवघर स्टेशन पर टिकट, सुरक्षित चढ़ने-उतरने की व्यवस्था, व्हीलचेयर और स्वास्थ्य सुविधाएं समेत आवश्यक इंतजाम किये गये हैं. उन्होंने कहा कि इस वर्ष पिछले साल की तुलना में अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं और करीब 18 लाख यात्रियों ने रेल से यात्रा की है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 800 स्पेशल ट्रेनें चलायी गयीं. रेलवे परिवार ने सेवा के साथ देश और राष्ट्रीय सेवा के दायित्व को भी निभाया है.
सितंबर के पहले या दूसरे सप्ताह में चालू होगा रोहिणी बाइपास
जीएम ने कहा कि देवघर स्टेशन पर बन रहे वाशिंग पिट का काम तेजी से कराया जा रहा है. जल्द ही इसे पूरा कर चालू किया जायेगा. वहीं जसीडीह-रोहिणी बाइपास का कार्य भी उनकी निगरानी में चल रहा है. इसे सितंबर के पहले या दूसरे सप्ताह तक चालू करने की योजना है. उन्होंने कहा कि जसीडीह ही नहीं, बल्कि सभी स्टेशनों पर यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण और ब्रांडेड भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है.
मौके पर आसनसोल डिवीजन के डीआरएम संघर्ष मौर्य, सीनियर डीसीएम मार्शल ए सिल्वा, आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार, जसीडीह स्टेशन प्रबंधक शंकर शैलेश, सीटीआई ऋषि देव कुमार, टीआई यूके चौधरी, आरपीएफ इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह, गुड्स के संजय कुमार, अमित कुमार, अनूप कुमार निराला समेत अन्य रेलवे पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे.
