Cyber crime : फर्जी कस्टमर अधिकारी बनकर करते थे साइबर ठगी, चार युवक गिरफ्तार

साइबर थाने की विशेष टीम ने गुप्त सूचना पर जसीडीह क्षेत्र के पतारडीह के पास जंगल झाड़ी में छापेमारी कर चार युवकों के गिरफ्तार किया. पुलिस ने केस दर्ज कर सभी को कोर्ट में पेश किया व जेल भेजा.

वरीय संवाददाता, देवघर . साइबर थाने की विशेष टीम ने गुप्त सूचना पर जसीडीह थाना क्षेत्र के पतारडीह के समीप जंगल झाड़ी में छापेमारी की. इस दौरान चार साइबर आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. यह सभी फर्जी कस्टमर अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी कर रहे थे. इन लोगों के खिलाफ साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कराया और कोर्ट के निर्देश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस मीडिया सेल ने जानकारी दी है कि गिरफ्तार आरोपितों में देवीपुर थाना क्षेत्र के तिलौना गांव निवासी विष्णु कुमार दास, मधुपुर थाना क्षेत्र के मछुवाटांड़ गांव निवासी देवनंदन कुमार दास, पथरड्डा ओपी क्षेत्र के घघरजोर गांव निवासी कपिलदेव महरा व खागा थाना क्षेत्र के पहरुडीह गांव निवासी दिसंबर राय शामिल हैं. पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने बताया कि ये लोग मुख्य रूप से पीएम किसान योजना के लाभुकों को फोन कर योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर फर्जी लिंक भेजकर ठगी का शिकार बनाते हैं. वहीं फर्जी फोन-पे व पेटीएम का कस्टमर केयर पदाधिकारी बनकर लोगों को कैश बैक व इनाम मिलने का झांसा देकर ठगी करते हैं. इन आरोपितों के पास से छापेमारी टीम ने चार मोबाइल सहित सात सिम कार्ड जब्त किये हैं. जांच में इन लोगों के पास से बरामद मोबाइल नंबरों के खिलाफ ऑनलाइन शिकायतें दर्ज मिली हैं. छापेमारी टीम में साइबर थाने के इंस्पेक्टर कृष्णदत्त झा सहित जसीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक कुमार, साइबर थाने के एसआइ टेकलाल महतो व सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे. *चार मोबाइल सहित सात सिम कार्ड जब्त, जब्त मोबाइल नंबरों के विरुद्ध मिली हैं ऑनलाइन शिकायतें *जसीडीह थाना क्षेत्र के पतारडीह के समीप झाड़ी- जंगल में गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >