Deoghar News : जंगल में बैठकर करते थे ठगी, पांच साइबर आरोपित गिरफ्तार

साइबर थाने की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के चौपा गांव के समीप जंगल में छापेमारी कर साइबर ठगी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है.

वरीय संवाददाता, देवघर : साइबर थाने की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर थाना क्षेत्र के चौपा गांव के समीप जंगल में छापेमारी कर साइबर ठगी के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किये गये सभी आरोपित फर्जी सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर उनसे ठगी कर रहे थे. पुलिस ने बताया कि आरोपित फर्जी क्रेडिट कार्ड अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों से केवाइसी अपडेट कराने, पीएम किसान योजना व एसबीआइ क्रेडिट कार्ड से जुड़ा फर्जी लिंक भेजकर साइबर ठगी करते थे. पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया है कि वे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल कर उपभोक्ताओं को भ्रमित करते थे और उनसे गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे. गिरफ्तार किये गये आरोपितों में सारठ के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के पथरड्डा गांव निवासी पप्पू कुमार दास सहित सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के कुरुआ गांव निवासी नजरुल अंसारी के अलावा सगा भाई बाबर अंसारी व लालबाबू अंसारी और भीखोडीह गांव निवासी शैलेंद्र कुमार मंडल शामिल हैं. छापेमारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड व तीन प्रतिबिंब सिम बरामद किये हैं. जांच में सामने आया है कि बरामद तीन मोबाइल नंबरों के खिलाफ प्रतिबिंब पोर्टल पर व दो आरोपितों के पास से जब्त मोबाइल नंबरों के विरुद्ध जेएमआइएस पोर्टल में ऑनलाइन ठगी की कई शिकायतें पहले से दर्ज मिली हैं. गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. इस कार्रवाई में साइबर थाने के इंस्पेक्टर हरदियूस टोप्पो, एसआइ खुर्शीद आलम एवं सशस्त्र बल की टीम शामिल थी. हाइलाइट्स – पुलिस ने पांच मोबाइल सहित चार सिम कार्ड व तीन प्रतिबिंब सिम जब्त किये -बरामद मोबाइल नंबरों के खिलाफ ऑनलाइन ठगी की कई शिकायतें पहले से दर्ज -मोहनपुर थाना क्षेत्र के चौपा गांव के समीप जंगल में गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >