देवघर : राजकीय श्रावणी मेला में देश-विदेश से आने वाले लाखों शिवभक्तों की सुरक्षा, सुगम जलार्पण और बेहतर नागरिक सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने शनिवार को मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने नेहरू पार्क, बाबा मंदिर परिसर, शिवगंगा और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा भी मौजूद रहे.
AI आधारित क्राउड मैनेजमेंट को प्रभावी बनाने का निर्देश
उपायुक्त ने इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम (IMCR) पहुंचकर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने तकनीकी अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि AI के माध्यम से भीड़ के घनत्व, रूट लाइन और सुरक्षा व्यवस्था की रीयल टाइम मॉनिटरिंग की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके.
24 घंटे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाबा मंदिर और आसपास के मेला क्षेत्र में 24×7 स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए. नगर निगम को अतिरिक्त सफाईकर्मियों की रोटेशन के आधार पर तैनाती करने तथा कचरे का त्वरित उठाव सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
श्रद्धालुओं के प्रति सेवा भाव रखें अधिकारी-कर्मी
मेला ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि देवघर आने वाले सभी शिवभक्त देवतुल्य हैं. ऐसे में सभी अधिकारी और कर्मी पूरी संवेदनशीलता, विनम्रता और सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुखद आध्यात्मिक अनुभव मिल सके.
हाइलाइट्स
- AI के माध्यम से होगी भीड़ की रीयल टाइम मॉनिटरिंग.
- मेला क्षेत्र में 24×7 स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश.
- आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने पर जोर.
- श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील और सेवा भाव से व्यवहार करने का निर्देश.
