आशीष कुंदन, देवघर. सदर अस्पताल देवघर में इलाज के दौरान शुक्रवार को करीब 40 वर्षीय एक अज्ञात कांवरिया की मौत हो गयी. मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. जानकारी के अनुसार, बीमार अवस्था में उसे बीते एक अगस्त को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गयी.
चिकित्सक की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस
मौत की जानकारी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने स्थानीय बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक मॉर्चरी में रहेगा शव
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को अगले 72 घंटे तक पोस्टमार्टम हाउस स्थित मॉर्चरी में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों के अलावा कांवरिया पथ पर स्थित विभिन्न शिविरों से भी जानकारी जुटा रही है.
पुलिस की कोशिश है कि मृतक की पहचान जल्द हो सके, ताकि उसके परिजनों को घटना की सूचना दी जा सके.
