जेसीइआरटी के शिक्षक सम्मान समारोह में प्राथमिक से प्लस टू तक के 190 शिक्षक हुए सम्मानित
देवघर : शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य करने वाले शिक्षकों को शैक्षणिक योगदान के लिए राज्य स्तर पर रांची में सम्मानित किया गया. झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीइआरटी), रांची की ओर से शनिवार को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें देवघर जिले के पांच शिक्षक सम्मानित हुए. यह कार्यक्रम रांची के जेइपीसी सभागार में हुआ. समारोह में सम्मान पाने वालों की सूची में प्राथमिक, मध्य, उच्च व प्लस टू विद्यालयों के 190 शिक्षक शामिल रहे. उल्लेखनीय है कि देवघर सहित संताल परगना प्रमंडल के 15 से अधिक शिक्षक सम्मानित हुए.
शैक्षणिक सामग्री और पाठ्यपुस्तक लेखन में योगदान पर सम्मान
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 से सम्मानित मध्य विद्यालय विवेकानंद की शिक्षिका श्वेता शर्मा को डीपीएसइ पाठ्यक्रम, दीक्षा के लिए डिजिटल एवं अकादमिक सामग्री, कक्षा एक की अंग्रेजी पुस्तक ब्लुमिंग बड्स व कक्षा टू की माइ वॉइस के लेखन तथा पंख के संपादकीय कार्य में योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
उत्क्रमित मध्य विद्यालय बनियाडीह, सारवां के शिक्षक अशोक कुमार को दीक्षा के लिए ई-कंटेंट निर्माण के लिए सम्मान मिला. उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय मचनाटीला, देवीपुर के शिक्षक बिनोद कुमार दास को कक्षा एक से दो की राज्य स्तरीय गणित पाठ्यपुस्तक लेखन के लिए सम्मानित किया गया.
विज्ञान शिक्षा और राज्य पत्रिकाओं के संपादकीय कार्य में योगदान
आदर्श प्लस टू उच्च विद्यालय, सारवां के शिक्षक डॉ रंजीत कुमार सिंह को विज्ञान शिक्षा से जुड़े शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया. वहीं अंची देवी सराफ गर्ल्स प्लस टू हाइस्कूल, मधुपुर के शिक्षक डॉ निशित कुमार पांडेय को राज्य पत्रिकाओं अबुआ लक्ष्य व विज्ञान ज्योति के संपादकीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया.
