Deoghar Deputy Mayor Election, देवघर : देवघर नगर निगम का चुनाव 23 फरवरी को हुआ. 27 फरवरी की हुई मतगणना के बाद मेयर सहित 36 वार्ड पार्षदों का चयन निगम क्षेत्र की जनता कर चुकी है. अब डिप्टी मेयर का चयन होना है, जिसका चयन पार्षदों का करना है. इसमें वार्ड पार्षदों के वोटिंग से बहुमत हासिल करने वाले डिप्टी मेयर बनेंगे. देवघर जिला निर्वाचन शाखा की ओर से डिप्टी मेयर चयन के लिए अधिसूचना जारी कर दी गयी है. इसमें 13 मार्च को ही डिप्टी मेयर पद का चयन और शपथ दोनों होना है.
डिप्टी मेयर बनने के लिए उम्मीदवारों की लॉबिंग तेज
डिप्टी मेयर बनने के लिए संभावित उम्मीदवारों ने लॉबिंग तेज कर दी है. घर-घर जाकर वार्ड पार्षदों से संपर्क कर रहे हैं. पार्षदों को अपने पाले में करने के लिए जाति से लेकर राजनीतिक दलों से निकटता की दुहाई दी जा रही हैं. इसमें पिछड़ा, अगड़ा, दलित कार्ड का भी सहारा लिया जा रहा हैं. कोई देवघर, जसीडीह व 44 गांव को अपना बताकर पार्षदों को अपने पाले में करने में जुटा हैं. सूत्रों की मानें, तो इस नीति पर अधिकांश पार्षद किसी के पाले में नहीं आ रहे हैं.
Also Read: राम भरोसे धनबाद रेल पुलिस: न साहिब हैं, न सिपाही, दो महीने से खाली है जवानों की जेब
समर्थन के लिए पैसे और वाहन का ऑफर
कई पार्षद डिप्टी मेयर पद के लिए समर्थन देने के बदले पैसे और वाहन के ऑफर दे रहे हैं, जिसके बाद समीकरण बदलने की चर्चा जोरों पर है. पार्षदों का आशीर्वाद लेने के लिए साढ़े चार लाख से लेकर 10 लाख रुपये तक के गिफ्ट के ऑफर की भी चर्चा हैं. इससे जनता की नजर में मजबूत प्रत्याशी होने के बाद भी एक-दो डिप्टी मेयर प्रत्याशी बैक फुट पर आ गये हैं. वह वेट एंड वॉच की स्थिति में हैं.
कई पार्षदों की नजर पोटली पर
एक प्रत्याशी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि वह डिप्टी मेयर पद के दावेदार हैं. लेकिन चुनाव मैदान में सिद्धांत व नीति की जगह पैसों की डिमांड अधिक है. कई पार्षद बिना शर्त समर्थन दे रहे हैं, लेकिन इससे जरूरी आंकड़ा हासिल नहीं हो रहा है. कई पार्षदों की नजर पोटली पर है. वह पैसा देकर डिप्टी मेयर बनना नहीं चाहते हैं. इसे अपने सिद्धांत के खिलाफ मानते हैं. कहा कि अंतिम समय तक स्वच्छ राजनीति के माध्यम से डिप्टी मेयर बनने का प्रयास जारी रखेंगे. वह पार्षदों से संपर्क कर डिप्टी मेयर पद के लिए सीनियर, अनुभवी व शिक्षित प्रत्याशी को अवसर देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं.
Also Read: जमशेदपुर के राखा माइंस स्टेशन पर भी ठहरेगी उत्कल एक्सप्रेस, सांसद ने दिखाई हरी झंडी
