देवघर : लोकसभा चुनाव में मतदान के दिन से जुड़े कार्यों की समीक्षा गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी विशाल सागर ने की. वर्चुअल समीक्षा बैठक में डीसी ने मतदान के दिन की सारी व्यवस्था और वोटरों की सुविधाओं को वोटिंग से पहले दुरुस्त कर लें. इसमें कहीं से भी कोई कोताही नहीं बरती जाये. सभी काम मतदान से पहले ही पूरा कर लें. उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ मतदाताओं के घर-घर जाकर मतदाता सूचना पर्ची वितरित करें. वैसे युवा मतदाता जिन्हें विशेष कैंप के तहत मतदाता सूची से जोड़ा गया है, मगर उन्हें वोटर कार्ड नहीं मिला है, वो भी मतदान कर सकते हैं. साथ ही अगर आप रजिस्टर्ड वोटर हैं तो आप अपना नाम वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से चेक कर बिना वोटर आइडी कार्ड के भी वोट डाल सकते हैं. कम्यूनिकेशन प्लान दुरुस्त कर लें डीसी ने पोलिंग डे के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रखंड स्तर के अधिकारियों से कहा कि कम्युनिकेशन प्लान, वाहनों की उपलब्धता, इवीएम मशीनों के साथ पोलिंग से जुड़े सामग्रियों का वितरण, पोलिंग पार्टी की रवाना करने के अलावा सीनियर सिटीजन और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान के दिन उन्हें घर से बूथ तक ले जाने और वापस लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें. सुबह 5.30 बजे बूथों पर होगा मॉक पोल समीक्षा बैठक में डीसी ने कहा कि जिला, प्रखंड व पंचायत स्तर पर माइकिंग करायें और वोटिंग के लिए लोगों को प्रेरित करें. ताकि एक जून को शत-प्रतिशत मतदाता अपने घरों से निकलकर अपने मताधिकार का उपयोग करें. उन्होंने मतदान के दिन मॉक पोल से पहले उम्मीदवार के एजेंट के हस्ताक्षर का सत्यापन करने, सुबह 5:30 बजे मॉक पोल शुरू कराने, मॉक पोल होने के बाद की प्रक्रिया, सुबह सात बजे मतदान शुरू करने आदि की जानकारी दी. डीसी ने मतदान केंद्रों पर कतार प्रबंधन, अनुशासन, मतदान की गोपनीयता बरकरार रखते हुए वोटिंग कंपार्टमेंट स्थापित करने के अलावा पोल डे के दिन किये जाने वाले कार्यों को लेकर विशेष निर्देश दिया. बैठक में डीडीसी नवीन कुमार, एसडीओ देवघर सागरी बराल, एसडीओ मधुपुरआशीष अग्रवाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी विभूति मंडल, डीएसओ नरेश रजक, डीटीओ अमर जॉन आइंद, डीपीआरओ राहुल कुमार भारती सहित कई अधिकारी जुड़े थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
