देवघर : नगर थाना क्षेत्र के बिलासी निवासी गौतम कुमार साइबर ठगी के शिकार हो गये। उनके एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड से 36 हजार रुपये की राशि कट गयी। पीड़ित का दावा है कि उन्होंने किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं किया था। घटना के बाद उन्होंने साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की।
अज्ञात नंबर से आया था लिंक
जानकारी के अनुसार, गौतम कुमार के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से एक लिंक आया था। उन्होंने उस लिंक को हटा दिया था। आशंका है कि लिंक हटाने के दौरान वह टच हो गया होगा। इसके बाद उनके मोबाइल का एक्सेस साइबर अपराधी के पास जाने की आशंका है। इसी के जरिये क्रेडिट कार्ड से 36 हजार रुपये की ठगी किये जाने का अंदेशा पीड़ित ने जताया है।
क्रेडिट कार्ड से कट गए 36 हजार रुपये
घटना के दौरान गौतम के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से ओटीपी का मैसेज भी आया था। हालांकि, उनका कहना है कि उन्होंने ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं किया। इसके बावजूद उनके एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड से 36 हजार रुपये कट गये।
राशि कटने की जानकारी मिलने के बाद गौतम कुमार साइबर थाना पहुंचे और आवेदन देकर मामले की शिकायत की। उन्होंने ठगी गयी रकम वापस दिलाने और मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
