प्रतिनिधि, मोहनपुर. मोहनपुर में मंगलवार को भाकपा माले जिला कमेटी की बैठक प्रखंड सचिव अशोक महतो की अध्यक्षता में आयोजित की गयी. बैठक में मुख्य रूप से भाकपा माले केंद्रीय कमेटी सदस्य गीता मंडल उपस्थित थीं. बैठक में मोहनपुर क्षेत्र में अपराध, जमीन विवाद, बालू माफिया, ब्राउन शुगर व साइबर क्राइम समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गयी. गीता मंडल ने कहा कि पूर्व में पदस्थापित मोहनपुर थाना प्रभारी के कार्यकाल में हुई कई घटनाओं का जिक्र कर उद्भेदन नहीं होने की बात कही. उन्होंने कहा कि निर्दोष छात्र कुंदन कुमार सिंह को झूठे मुकदमे में फंसाने, बालू व ब्राउन शुगर कारोबार के साथ ही साइबर अपराधियों पर कार्रवाई नहीं होने से इनका मनोबल बढ़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि फोरलेन रिंग रोड मुआवजा मामले में भी रैयतों के साथ अन्याय हुआ. बैठक में कहा कि नव पदस्थापित मोहनपुर थाना प्रभारी सालो हेम्ब्रम के आने के बाद बड़ी घटनाएं नहीं हुई है, बावजूद कुछ लोगों का उन्हें अपमानित करने का प्रयास निंदनीय है. भाकपा माले नेताओं ने पूर्व की हत्या मामलों की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की. वहीं निर्णय लिया कि नौ जून को बिरसा मुंडा जयंती पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जायेगा, साथ ही चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगने पर जोरदार आंदोलन किया जायेगा. बैठक में जयदेव सिंह, अरुण कापरी, शंभू तुरी, सुरेश सिंह, चम्पा सिंह, राम सिंह, ललित राय, देवकी देवी समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.
मोहनपुर में नशे के कारोबार व साइबर अपराध पर माले नेताओं ने जतायी चिंता
मोहनपुर में भाकपा माले जिला कमेटी की बैठक हुई, जिसमें मोहनपुर क्षेत्र में जमीन विवाद, बालू तस्करी के साथ ही ब्राउन शुगर और साइबर क्राइम के मुद्दो पर चर्चा की.
