30 दिन, 62.65 लाख जलार्पण: देवघर में आस्था के सैलाब ने बनाया नया रिकॉर्ड

2026 के श्रावणी मेले में देवघर बाबाधाम में 62.65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया. जानिए खास आंकड़े और आय.

संजीत मंडल, देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 में बाबाधाम में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि 30 दिनों में 62 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मेला अवधि में कुल 62,65,322 श्रद्धालुओं ने बाबा पर जल चढ़ाया. इनमें 32,05,991 श्रद्धालुओं ने आंतरिक अर्घा और 28,25,735 ने बाह्य अर्घा के माध्यम से जलार्पण किया. वहीं, 2,11,310 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम् की सुविधा का लाभ उठाकर बाबा का दर्शन और जलार्पण किया.

दूसरी सोमवारी को उमड़ी सबसे बड़ी भीड़

30 दिनों के आंकड़ों में चारों सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ खास रही. तीन अगस्त की पहली सोमवारी को 3,17,494, 10 अगस्त की दूसरी सोमवारी को 3,69,449, 17 अगस्त की तीसरी सोमवारी को 3,61,679 और 24 अगस्त की चौथी व अंतिम सोमवारी को 2,61,832 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया.

इन आंकड़ों में 10 अगस्त की दूसरी सोमवारी सबसे आगे रही. इस दिन 3,69,449 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जल चढ़ाया. यानी चारों सोमवारी में सबसे अधिक श्रद्धालु इसी दिन बाबाधाम पहुंचे.

18 दिन दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चढ़ाया जल

श्रावणी मेला के 30 दिनों में 18 दिन ऐसे रहे, जब दो लाख या उससे अधिक श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया. इन 18 दिनों में कुल 44,43,321 श्रद्धालुओं ने बाबा पर जल चढ़ाया. यह 30 दिनों में हुए कुल 62,65,322 जलार्पण का करीब 71 प्रतिशत है.

यह आंकड़ा बताता है कि मेला के दौरान अधिकांश दिनों में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ दो लाख के पार रही. शुरुआती दिनों की तुलना में बाद के दिनों में सामान्य भीड़ में कमी जरूर आयी, लेकिन सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या में फिर जबरदस्त उछाल देखने को मिला.

हर दिन औसतन 2.09 लाख श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

30 दिनों में 62,65,322 श्रद्धालुओं के जलार्पण के हिसाब से बाबा मंदिर में प्रतिदिन औसतन करीब 2.09 लाख श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाया. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पूरे श्रावणी मेला के दौरान बाबाधाम में आस्था और भक्ति का कितना बड़ा जनसैलाब उमड़ा.

शीघ्र दर्शनम् से 12.67 करोड़ की आय

मेला के दौरान रविवार और सोमवार को शीघ्र दर्शनम् की सुविधा उपलब्ध नहीं थी. शेष दिनों में श्रद्धालुओं को 600 रुपये प्रति व्यक्ति/कूपन की दर से शीघ्र दर्शनम् की सुविधा दी गयी.

30 दिनों के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2,11,310 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम् का लाभ उठाया. इससे कुल 12,67,86,000 रुपये यानी करीब 12.67 करोड़ रुपये की आय हुई.

शीघ्र दर्शनम् से प्राप्त राशि में 60 प्रतिशत हिस्सा मंदिर प्रबंधन और 40 प्रतिशत हिस्सा पंडा धर्मरक्षिणी सभा को मिलता है. इस हिसाब से कुल आय में करीब 7,60,71,600 रुपये मंदिर प्रबंधन तथा 5,07,14,400 रुपये पंडा धर्मरक्षिणी सभा के हिस्से में गये.

आंकड़ों में श्रावणी मेला 2026

  • कुल जलार्पण : 62,65,322
  • आंतरिक अर्घा : 32,05,991
  • बाह्य अर्घा : 28,25,735
  • शीघ्र दर्शनम् : 2,11,310
  • शीघ्र दर्शनम् से आय : 12.67 करोड़ रुपये
  • दो लाख से अधिक जलार्पण वाले दिन : 18
  • इन 18 दिनों में जलार्पण : 44,43,321
  • सबसे अधिक जलार्पण : 10 अगस्त, दूसरी सोमवारी
  • दूसरी सोमवारी का आंकड़ा : 3,69,449
  • प्रतिदिन औसत जलार्पण : करीब 2.09 लाख


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeet mandal

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >