नशे ने छीना क्रिकेटर का सपना, बिखरा परिवार, ‘अंधेरी राह’ ने दर्शकों को झकझोरा

नशे ने कैसे तबाह किया उभरते क्रिकेटर का सपना और परिवार. देवघर में 'अंधेरी राह' नाटक ने दिखाई कड़वी सच्चाई, दर्शकों को भावुक कर दिया.

उभरते क्रिकेटर की नशे में बर्बादी की कहानी ने दर्शकों को किया भावुक, मौके पर ‘चक्रव्यूह’ का पोस्टर भी हुआ लांच

देवघर : नशा सिर्फ शरीर को नहीं, बल्कि सपनों, रिश्तों और पूरे परिवार को भीतर तक तोड़ देता है. इसी कड़वी सच्चाई को संवेदनशील और प्रभावशाली अंदाज में देवघर थिएटर आर्ट कल्चर काउंसिल की ओर से शुक्रवार शाम शिवलोक परिसर में प्रस्तुत नाटक ‘अंधेरी राह’ ने सामने रखा. मंचन ने दर्शकों को झकझोर दिया और नशे के खिलाफ सोचने पर मजबूर किया.

नाट्य प्रस्तुति का आनंद लेते डीडीसी पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, एसडीओ  रवि कुमार व अन्य.  | Prabhat Khabar Network

दीप प्रज्वलित कर डीसी ने किया नाटक का उद्घाटन

नाटक का उद्घाटन डीसी सौरभ भुवानियां ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, एसडीओ रवि कुमार, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा और डीएसओ संतोष कुमार मौजूद थे. डीसी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की अपील की. उन्होंने जिले में खेल संस्कृति को और बढ़ावा देने की बात भी कही.

नशे की गिरफ्त में बर्बाद हो गया क्रिकेटर का सपना

नाटक की कहानी एक उभरते क्रिकेट खिलाड़ी के इर्द-गिर्द बुनी गयी, जिसके सपने नशे की गिरफ्त में आते ही धीरे-धीरे दम तोड़ने लगते हैं. नशे की लत उसे अपराध की ओर धकेल देती है और वह घर के कीमती आभूषण तक चुरा लेता है. इसका खामियाजा उसे अपनी बहन और पिता को खोकर भुगतना पड़ता है. बिखरता परिवार और खत्म होता करियर मंच पर देखकर दर्शक भावुक हो उठे.

आर्यन ने क्रिकेटर की भूमिका में छोड़ी छाप

क्रिकेटर की भूमिका निभाने वाले आर्यन ने अपने अभिनय से किरदार में जान डाल दी. उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया. अन्य कलाकारों ने भी प्रभावी अभिनय किया. नाटक का निर्देशन मंटू झा और कहानी लेखन आशीष झा ने किया.

‘चक्रव्यूह’ का पोस्टर हुआ लांच

प्रोडक्शन हेड दीपक मिश्रा सहित प्रेम कुमार, राज, रितिका, बबीता पोद्दार, आर्यन, शांतनु, सुमित, साजन, अंशु, चीकू व अमर सहित अन्य कलाकारों ने भूमिका निभायी. मौके पर ‘चक्रव्यूह’ का पोस्टर भी लांच किया गया. बताया गया कि एक सप्ताह के भीतर नाटक को मूवी मोड में प्रस्तुत किया जायेगा.

कार्यक्रम में डॉ. एनडी मिश्रा, डॉ. राधाकृष्ण, सुरेश साह, रितेश केसरी, धर्मेंद्र देव, मनोज मिश्र, परमेश राव समेत खिलाड़ी व शहरवासी मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार यादव

राजेंद्र प्रसाद यूनिवर्सिटी, मुंबई से पीजी डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन की अर्हता हासिल है. प्रभात खबर से जुड़ कर बीते 21 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम किया है. फिलहाल प्रभात खबर देवघर यूनिट में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हूं. अपराध, शिक्षा, बिजली व खेल के क्षेत्र की लंबे समय से रिपोर्टिंग की है. मगर खेल के क्षेत्र में रिपोर्टिंग का अपना विशेष अनुभव है. इस दौरान कई राष्ट्रीय, अंतराष्ट्रीय खिलाड़ियों से रूबरू होकर उनका साक्षात्कार करने का अनुभव रहा है.
इ-मेल पता= ajaykyadav58@gmail.com

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >