देवघर : देवघर एम्स के एफ ब्लॉक में फैकल्टी चैंबर तैयार हो गया है और चिकित्सकों की शिफ्टिंग भी पूरी हो गयी है. एफ ब्लॉक में डॉक्टरों के कार्यालय के साथ विभागीय स्तर के कामकाज की भी व्यवस्था की गयी है. विभागाध्यक्षों के लिए भी अलग चैंबर उपलब्ध कराये गये हैं.
ओपीडी और अस्पताल तक पहुंचना होगा आसान
डॉक्टर अपने चैंबर से विभागीय और कार्यालय संबंधी कार्यों का निपटारा करने के साथ निर्धारित ओपीडी और अस्पताल में मरीजों की देखभाल करेंगे. एफ ब्लॉक में चैंबर होने से चिकित्सकों को भवन के अंदर ही ओपीडी और अस्पताल के संबंधित हिस्से तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी. इससे आने-जाने में लगने वाला समय कम होगा.
विभागाध्यक्षों को भी मिलेगी सुविधा
विभागाध्यक्षों के लिए यह व्यवस्था विशेष रूप से उपयोगी होगी. उन्हें मरीजों के उपचार के साथ विभागीय प्रशासनिक और एकेडमिक कार्य भी देखने होते हैं. इसके अलावा ऑन कॉल ड्यूटी वाले चिकित्सकों के लिए भी एफ ब्लॉक में चैंबर की व्यवस्था की गयी है, जिससे जरूरत पड़ने पर वे अस्पताल के संबंधित विभाग में तुरंत पहुंच सकेंगे.
मरीजों की सेवा से बेहतर होगा तालमेल
एम्स प्रबंधन के अनुसार इस व्यवस्था से चिकित्सकों के कार्यालयी कार्य और मरीजों की सेवा के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा. डॉक्टर एक ही भवन परिसर में विभागीय कार्य के साथ ओपीडी और अस्पताल की जिम्मेदारी आसानी से संभाल सकेंगे.
