Deoghar news : रोहिणी के युवक को अगवा कर रुपये वसूला, मारपीट कर सिकड़ी व ब्रासलेट छीना

नगर थाना में शिकायत देकर पीड़ित के पिता ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की. घटनाक्रम का वीडियो भी बनाने का आरोप, घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.

वरीय संवाददाता, देवघर . देवघर नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है. घटना को लेकर जसीडीह थाना अंतर्गत रोहिणी गोराडीह गांव निवासी अंग्रेज दास ने नगर थाना में आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है. आरोप लगाया है कि उसके पुत्र मुकेश दास का अगवा कर उसके साथ मारपीट करते हुए रंगदारी की मांग और लूटपाट की गयी. अंग्रेज के अनुसार 12 मई 2025 को दोपहर करीब 3:00 बजे उसका बेटा मुकेश अपनी गाड़ी ठीक कराने देवघर गया था. उसी दौरान देवघर के बरमसिया मुहल्ला निवासी दो युवकों व रिखिया के चिरोडीह निवासी एक युवक ने 15-16 अन्य साथियों के साथ मिलकर एलआइसी मोड़ के आगे एक डेकोरेटर्स के सामने से उसे अगवा कर लिया. मुकेश को पीटते हुए साइबर अपराध का आरोप लगाते हुए अन्य साथियों के नाम पूछे. इसके बाद जबरन उसका वीडियो बनाकर 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी. डर के मारे मुकेश ने पैसे दे दिये. इसके अलावा आरोपितों ने उसके गले से चांदी की सिकड़ी, ब्रासलेट (कुल कीमत करीब 15 हजार), एक स्मार्टफोन व पर्स से नकद रुपये भी छीन लिये. बाद में उसे उठाकर नंदन पहाड़ के पीछे ले जाया गया, जहां लोहे की रड से बेरहमी से पीटा गया और धमकी दी गयी कि अगर केस किया तो जान से मार देंगे. मौका पाकर मुकेश वहां से भाग निकला और किसी तरह जान बचायी. फिलहाल मुकेश को सदर अस्पताल में भरती कर इलाज कराया जा रहा है. उसकी पीठ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में काफी जख्म है. अंग्रेज के मुताबिक ऐसा इन आरोपितों ने पूर्व में अन्य कई युवकों के साथ भी किया है. हर मारपीट की वीडियो भी बनाया है. मामले में पीड़ित के पिता अंग्रेज ने नगर थाने की पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. *लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटने का आरोप, नंदन पहाड़ के पीछे ले जाकर दी गयी जान से मारने की धमकी

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ASHISH KUNDAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >