देवघर : जिले के सभी कोटि के राजकीयकृत, प्रोजेक्ट, उत्क्रमित उच्च विद्यालय सहित प्लस टू विद्यालय के प्रधानाध्यापकों व प्रभारियों प्रधानाध्यापकों की बैठक आरएल सर्राफ हाइस्कूल देवघर के प्रशाल में हुई. इसकी अध्यक्षता जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ माधुरी कुमारी ने की. दो पाली में आयोजित बैठक में देवघर व मधुपुर अनुमंडल के प्रधानाध्यापकों व प्रभारी प्रधानाध्यापकों से विद्यालय से संबंधित पदस्थापन विवरणी के रूप में विद्यालय की स्थिति, शिक्षकों व छात्रों की उपस्थिति, योजना कार्यों की अद्यतन स्थिति से जिला शिक्षा पदाधिकारी को अवगत कराया गया.
नवनियुक्त शिक्षकों के शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन संबंधी प्रतिवेदन जमा लिया गया. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि नवनियुक्त शिक्षक जिनका शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण का सत्यापन नहीं होने के कारण वेतनादि का भुगतान नहीं हुआ है, वे अपना-अपना शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक प्रमाण पत्र कार्यालय में उपलब्ध करायें. ताकि संबंधित बोर्ड व विश्वविद्यालय से सत्यापन का काम पूरा करा कर वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जायेगा. सेवानिवृत्त व मृत शिक्षकों व शिक्षकेतर कर्मचारियों के पेंशन मामलों के लिए पेंशन आपके द्वार कार्यक्रम चलाया जायेगा.
निर्धारित तिथि तक चलने वाले पेंशन आपके द्वार कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सबों को मिल कर प्रयास करना होगा. बैठक में देवघर व मधुपुर अनुमंडल के सभी विद्यालय के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के सहायक अभिषेक मिश्र आदि थे.
