मधुपुर : जोड़ामो रेलवे स्टेशन के निकट पटरी पर विवाहिता का शव मिला. जिसकी पहचान करौं थाना क्षेत्र के बिलरिया निवासी कांग्रेस राउत की 20 वर्षीय पत्नी सोनी देवी के रूप में की गयी. बताया जाता है कि महिला की पहचान होने के बाद ससुराल वाले शव उठा कर बिलरिया के निकट ही स्थित जोरिया जलाने के लिए ले गये.
इधर घटना की जानकारी मधुपुर थाना क्षेत्र के चरपा निवासी मृत महिला के मायके वाले को हुई तो आनन फानन में कई लोगों के साथ वे लोग जोरिया जा पहुंचे. बताया जाता है कि घटना की सूचना मृत महिला के मायके वालों को ससुराल वालों ने नहीं दी थी. लेकिन अचानक जब उसके मायके वाले जोरिया के पास पहुंचे तो विवाद शुरू हो गया. ससुराल वाले महिला शव छोड़ कर भाग निकले.
घटनास्थल पर लकड़ी व केराेसिन भी रखा हुआ था. सूचना मिलते ही करौं पुलिस पहुंची व छानबीन में जुट गयी. मृतका के पिता सुधीर यादव व अन्य ने दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या का आरोप ससुराल वालों पर लगाया है. ससुराल वालों का कहना है कि मामूली घरेलू कलह में महिला ने ट्रेन के आगे आकर अपनी जान दे दी. बताया जाता है कि सोनी की शादी तीन वर्ष पूर्व बिलरिया में कांग्रेस राउत के साथ हुई थी. दंपती को सात माह की एक छोटी बच्ची भी है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
