पालोजोरी : शुक्रवार को पुलिस ने छापेमारी कर साइबर ठगी के मामले में दो महीने से फरार चल रहे खागा निवासी दुबई मंडल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है. थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि इसी मामले में साइबर ठगी को अंजाम देने के दौरान खागा गांव निवासी मिठु रजवार के बेटे रघुवीर रजवार को पहले ही पकड़ लिया गया था. जबकि पूरन मंडल का बेटा दुबई मंडल पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था. भागने के दौरान उसने मोबाइल खेत में फेंक दिया था, जिसे जब्त कर लिया गया था. 22 जून 2018 को पुलिस को सूचना मिली थी कि खागा तालाब के पास कुछ लड़के साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल पहुंची तो पुलिस को देखते ही युवक भागने लगे. इनमें एक युवक रघुवीर रजवार पकड़ लिया गया था. उसके पास से तीन मोबाइल भी बरामद हुए थे. रघुवीर ने ही पुलिस को बताया था कि दुबई मंडल ने साइबर ठगी का प्रशिक्षण दिया था.
बंगाल से खरीदते थे सिम कार्ड
गिरफ्तार युवक पुलिस से बचने के लिए बार-बार मोबाइल नंबर व मोबाइल बदल देते थे. साथ ही फर्जी आइडी से पश्चिम बंगाल से सिम लेते थे. इसी सिम कार्ड से वे लोग साइबर अपराध को अंजाम देते थे. पुलिस के अनुसार, युवकों ने अब तक लाखों रुपये ठगी की है. 22 जून 2018 को भी पुलिस विभाग के एक बड़े अधिकारी को फोन कर उनका एकाउंट डिटेल व एटीएम की जानकारी मांगी थी.
